Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात उपचुनाव, बांकीपुर से प्रशांत किशोर की बड़ी जीत, दतिया में कांग्रेस और मांजलपुर में भाजपा ने मारी बाजी

By Election 2026: बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए बड़ी जीत दर्ज की। वहीं मध्यप्रदेश के दतिया में कांग्रेस ने सीट बरकरार रखी, जबकि गुजरात के मांजलपुर में भाजपा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया। प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 44,827 वोट प्राप्त हुए। राष्ट्रीय जनता दल की रेखा कुमारी 14,273 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। सबसे अहम बात यह रही कि भाजपा और राजद दोनों को मिले कुल वोट 59,100 रहे, जो अकेले प्रशांत किशोर के वोटों से 5,051 कम हैं। कुल 1,30,313 वोट पड़े, जिनमें लगभग हर दूसरा मतदाता प्रशांत किशोर के पक्ष में रहा। 

यह भी पढ़ें:- जंतर-मंतर में प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में फिर सुनवाई, 2700 आरोपियों पर FIR रहेगी कायम, SC ने कहा- सख्ती करने वाले पुलिसकर्मियों को न बचाएं

नोटा को 646 वोट मिले, जबकि शीर्ष तीन उम्मीदवारों के बाद कोई भी प्रत्याशी एक हजार वोट का आंकड़ा नहीं छू सका। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन की पारंपरिक सीट रही है। नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य बनने और विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया। मतगणना के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट पर राउंड की संख्या को लेकर तकनीकी गड़बड़ी भी देखने को मिली। सुबह से 31 राउंड की काउंटिंग दिखाई जा रही थी, लेकिन बाद में अचानक 32 और फिर 36 राउंड प्रदर्शित होने लगे। कुछ समय बाद वेबसाइट पर फिर 32 राउंड की जानकारी अपडेट की गई। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट प्राप्त हुए। (By Election 2026)

मांजलपुर में भाजपा की बड़ी जीत

इस सीट पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव मंडल तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 22,527 वोट मिले, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। इसके बावजूद कांग्रेस बढ़त बनाए रखने में सफल रही। दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने इस चुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था। हालांकि आशुतोष तिवारी नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी बढ़त हासिल नहीं कर सके। गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराया। यह सीट भाजपा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। मांजलपुर में भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखते हुए कांग्रेस को बड़े अंतर से पराजित किया। (By Election 2026)

30 जुलाई को हुई थी वोटिंग

तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। घोषित नतीजों में बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया, जबकि मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने अपनी सीट बचाने में सफलता हासिल की। गुजरात के मांजलपुर में भाजपा ने एक बार फिर अपना जनाधार कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की। तीन राज्यों के उपचुनाव में भले ही भाजपा ने गुजरात की मांजलपुर सीट अपने नाम कर ली हो, लेकिन सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश बिहार और मध्यप्रदेश से निकला है। बिहार में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए की सरकार होने के बावजूद पार्टी अपनी सबसे प्रतिष्ठित सीटों में शामिल बांकीपुर नहीं बचा सकी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की पारंपरिक सीट पर जन सुराज के प्रशांत किशोर की जीत को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं MP में भी भाजपा की सरकार होने के बावजूद दतिया सीट कांग्रेस के खाते में चली गई। ऐसे में तीन सीटों के इस उपचुनाव में भाजपा को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली, जबकि दो अहम राज्यों में उसे हार का सामना करना पड़ा। खासकर बांकीपुर का परिणाम आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए राजनीतिक चेतावनी और विपक्ष के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!