छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौके पर ही मौत

Bijapur Road Accident: देश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला छत्तीसगढ़ का है, जहां जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-163 पर ट्रक और पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हैं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का बीजापुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा बीजापुर जिले के नैमेड थाना क्षेत्र में हुआ है। जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार ग्रामीण बीजापुर जिले के फुलगट्टा के रहने वाले हैं। सभी पारंपरिक नाचा दल के सदस्य हैं, जो मुसालूर में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में प्रभारी सचिव नियुक्त, देखें पूरी लिस्ट

बुधवार देर रात पिकअप में सवार होकर सभी लोग घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। नैमेड के पास मिंगाचल गांव के नजदीक गीदम की तरफ से आ रहे एक ट्रक से पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें संतु (30), मुन्ना (28), उरा (32) और राजकुमार (18) शामिल हैं। ये सभी फुलगट्टा के रहने वाले थे। हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की जानकारी पुलिस और 108 एंबुलेंस ​​​​​को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बीजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। (Bijapur Road Accident)

देश में लगातार बढ़ रहा हादसों का ग्राफ

भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है, जिसका योगदान लगभग छह प्रतिशत है। (Bijapur Road Accident)

Related Articles

Back to top button