CGPSC घोटाला: ED की एंट्री से हलचल, पूर्व अध्यक्ष टामन सोनवानी 7 दिन की रिमांड पर
मुख्यमंत्री साय का बयान- 'भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा'

CGPSC Recruitment Scam : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की जांच का दायरा अब और विस्तृत हो गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की मामले में सीधी एंट्री हो गई है। विशेष अदालत ने पूर्व CGPSC अध्यक्ष टामन सोनवानी को 7 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। इस रिमांड अवधि के दौरान ईडी आरोपी से वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
विपक्ष पर साधा निशाना, वादे की याद दिलाई
मामले में बड़ी कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य और उम्मीदों के साथ खिलवाड़ किया गया। (CGPSC Recruitment Scam)
CM साय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के युवाओं से भर्ती प्रक्रिया में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का वादा किया था। हमारी सरकार उसी वादे को निभा रही है और जांच एजेंसियां मामले की गहराई तक जाकर निष्पक्ष जांच कर रही हैं।”
भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’
राज्य सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है। उन्होंने कहा कि मामला चाहे किसी भी विभाग या स्तर का हो, यदि कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार या अनियमितता में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग पर शिकंजा
CGPSC भर्ती घोटाले में ED की एंट्री के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, रिमांड के दौरान टामन सोनवानी से परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों, कथित तौर पर हुए पैसों के लेनदेन और अवैध संपत्तियों से जुड़े सवालों पर पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े कई अन्य रसूखदारों पर भी जांच की गाज गिर सकती है। (CGPSC Recruitment Scam)
यह भी पढ़े :- कारगिल के वीर शहीदों को नमन, स्वदेशी रक्षा तकनीक से जल संरक्षण तक… ‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी



