Google Analytics —— Meta Pixel

चंद्रयान-3 ने लैंडिंग के पहले का भेजा वीडियो, ISRO वैज्ञानिकों को बधाई देने 26 अगस्त को बेंगलुरु जाएंगे PM मोदी

Chandrayaan-3 Update: चंद्रयान-3 ने चांद पर लैंडिंग से ठीक पहले की वीडियो भेजी है, जिसे ISRO यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने जारी किया है। इसमें चांद का खूबसूरत नजारा दिख रहा है। 2 मिनट 17 सेकेंड के इस वीडियो में चांद की सतह पर शुरुआत में लहरों जैसा नजारा दिखा, पास पहुंचते ही वहां गड्‌ढे नजर आए। इससे पहले चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद 6 पहियों और 26 किलो वाले प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर घूमना शुरू कर दिया। लैंडिंग के करीब 14 घंटे बाद ISRO ने रोवर के बाहर आने की पुष्टि की। जबकि INSPACE चेयरमैन पवन के गोएनका ने बुधवार देर रात ही प्रज्ञान रोवर की रैंप से बाहर निकलते हुए तस्वीर शेयर कर दी थी।

यह भी पढ़ें:- बालासोर रेल हादसे की वजह आई सामने, CBI ने किया खुलासा

ISRO ने कहा कि रोवर प्रज्ञान की सभी एक्टिविटीज तय समय पर हो रही हैं। पूरा सिस्टम नॉर्मल है। लैंडर मॉड्यूल पेलोड ILSA, RAMBHA और ChaSTE चालू हो गए हैं। रोवर चलने लगा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अगस्त को बेंगलुरु में ISRO के वैज्ञानिकों से मिलकर उन्हें चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की बधाई देंगे। बता दें कि चांद की सतह पर आते ही रोवर ने सबसे पहले अपने सोलर पैनल खोले। ये 1 सेमी/सेकेंड की गति से चलता है और अपने आस-पास की चीजों को स्कैन करने के लिए नेविगेशन कैमरों का इस्तेमाल कर रहा है। रोवर अगले 12 दिनों में करीब आधा किलोमीटर का सफर तय करेगा। इसमें दो पेलोड लगे हैं, जो पानी और अन्य कीमती धातुओं की खोज में मदद करेंगे। (Chandrayaan-3 Update)

ISRO के मुताबिक अगले 12 दिनों के दौरान रोवर डेटा जमा करेगा और इसे लैंडर को भेजेगा। लैंडर इस डेटा को पृथ्वी तक पहुंचाएगा। डेटा पहुंचाने में चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर की भी मदद ली जाएगी। चंद्रयान-3 को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था। इसे चांद की सतह पर लैंड करने में 41 दिन लगे। लैंडर 23 अगस्त को शाम 6:04 बजे चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा था। इसी के साथ ही भारत दुनिया का पहला देश बन गया, जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर स्‍पेसक्राफ्ट उतारा। 2008 में चंद्रयान-1 को लॉन्च किया गया था। इसमें एक प्रोब की क्रैश लैंडिंग कराई गई थी जिसमें चांद पर पानी के बारे में पता चला। फिर 2019 में चंद्रयान-2 चांद के करीब पहुंचा, लेकिन लैंड नहीं कर पाया। 2023 में चंद्रयान-3 ने चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग की और इतिहास रच दिया। (Chandrayaan-3 Update)

Back to top button
error: Content is protected !!