Chhattisgarh rain alert: 7 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट, प्रतापपुर में युवक को नदी से रेस्क्यू

Chhattisgarh rain alert: प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, लेकिन राज्य के उत्तरी जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने रविवार को बिलासपुर, जीपीएम, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और सरगुजा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा।
राज्य में शनिवार को औसतन 6.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि शुक्रवार को यह आंकड़ा 12.2 मिमी था। यानी बीते दो दिनों से वर्षा की तीव्रता में गिरावट आई है। अब तक 1 जून से 13 जुलाई तक प्रदेश में 364.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें:- Janjgir Champa Drowning case: तालाब में डूबने से भाई-बहन समेत 4 बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
बलरामपुर जिले में अब तक सबसे अधिक 540.3 मिमी बारिश, जबकि बेमेतरा में सबसे कम 176.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। अन्य जिलों की बात करें तो रायगढ़ में 519.7 मिमी, जशपुर में 474.8 मिमी, कोरबा में 464.8 मिमी, बीजापुर में 444.2 मिमी, बस्तर में 436.7 मिमी और सक्ती में 422.6 मिमी वर्षा हुई है।
प्रतापपुर में उफनती नदी में फंसा था युवक
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में बाकी नदी उफान पर आ गई थी, जिसमें एक युवक बहने लगा। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रस्सी और बांस की सहायता से बचाव अभियान चलाया गया। युवक की पहचान विनय टोप्पो (19) के रूप में हुई, जो जगन्नाथपुर का निवासी है। उसे प्राथमिक इलाज के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मानसून की अवधि लंबी होने के आसार
इस वर्ष मानसून ने 24 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी, जबकि सामान्य तौर पर यह 1 जून को आता है। अगर यह 15 अक्टूबर तक सक्रिय रहता है, तो कुल 145 दिन मानसून सक्रिय रहेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून ब्रेक की स्थिति न बनने पर इसका फायदा मिल सकता है।
आकाशीय बिजली से सतर्क रहें
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आकाशीय बिजली हवा में मौजूद विपरीत चार्ज वाले बादलों के टकराव से बनती है। इसकी ऊर्जा 12.5 करोड़ वॉट से भी ज्यादा होती है और यह मिलीसेकंड में असर करती है। यह सिर, गर्दन और कंधे को अधिक नुकसान पहुंचाती है। दोपहर में बिजली गिरने की संभावना सबसे अधिक होती है।



