जल्दी अमीर बनने की चाह में 5 साल के मासूम की हत्या, आरोपी ने किडनी-फेफड़े और आंखें निकाली, अंग बेचने की थी योजना

Child Murder in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जल्दी अमीर बनने की चाह में एक 27 साल के युवक ने 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया और शराब पिलाई। इसके बाद उसके सो जाने पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और दोनों आंखें निकाल ली। इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया और शव को कंबल-गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया। इसके बाद खेत में पानी से भरे गड्ढे में शव को दफना दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान बासुदेव उर्फ टंगनू के रूप में हुई है। वह बच्चे के पिता का ममेरा भाई लगता है।
यह भी पढ़ें:- ट्रेन में सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर! रात 11 बजे के बाद नहीं कर सकेंगे मोबाइल चार्ज
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह जल्द से जल्द ज्यादा पैसा कमाकर अमीर बनना चाहता था। इसके लिए सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, निकाले गए अंग, वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और मोबाइल जब्त किया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बच्चे के पिता रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने 4-5 साल के बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। परिवार आमटचुआ नदी डेम के पास बनी एक झोपड़ी में रहता था। (Child Murder in Jashpur)
खेत की झोपड़ी में ले जाकर पिलाई शराब, सोने पर रेता गला
आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू का परिवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता था। इसी पहचान और नजदीकी का फायदा उठाकर वह बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर घुमाता रहा। फिर सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर उसने शराब और मुर्गा खरीदा। आरोपी झोपड़ी में लौटा और मुर्गा बनाया। उसने खुद शराब पीने के साथ बच्चे को भी शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी और फेफड़े निकाल लिए। इसके अलावा उसकी आंखें भी निकाल लीं। उसने शरीर से निकाले गए अंगों को एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा।
तलाश के दौरान गड्ढे में मिली बोरी
आरोपी ने बहादुर के खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी रखी और ऊपर से मिट्टी डालकर उसे छिपा दिया। बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की तरफ जाते देखा था। इसके बाद परिवार ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे को खोजा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 7 नवंबर को सुबह परिवार फिर बच्चे की तलाश में निकला। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। (Child Murder in Jashpur)
बांस के झुरमुट के पास छिपाए थे चाकू, फावड़ा और अंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए। आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी प्लास्टिक की बाल्टी को बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। पुलिस ने बच्चे के शव के साथ इन सभी सामानों को जब्त किया। आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। वह एक व्यक्ति के खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था और वहीं बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से वह संतुष्ट नहीं था। उसकी इच्छा कम समय में ज्यादा पैसा कमाकर अमीर बनने की थी। इसी वजह से वह सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के तरीके तलाशता रहता था। (Child Murder in Jashpur)
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस के मुताबिक इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया और उसने मासूम जितेंद्र को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम भी कराया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम जितेंद्र की हत्या ने रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। चंद पैसों में अमीर बनने की चाह ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर आरोपी ने सोशल मीडिया पर क्या देखा और क्या उसे सच में बच्चों के अंग बेचकर मोटी रकम मिलने की उम्मीद थी? पुलिस की जांच में इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।



