हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स पर शिकंजा: 7 गाड़ियां जब्त, 8 पर कार्रवाई, हाथ जोड़कर मांगी माफी

कोरबा। सावन माह के दौरान कनकी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को परेशान करना और सड़क पर स्टंटबाजी करना बाइकर्स गिरोह को भारी पड़ गया। उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव के पास मोडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज रफ्तार बाइक चलाने, मार्ग अवरुद्ध करने और हुड़दंग मचाने वाले सात बाइक सवारों पर कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस ने मौके से 7 बाइकें जब्त की हैं और आरोपियों से हाथ जोड़वाकर सार्वजानिक रूप से माफी मंगवाई। युवकों ने भविष्य में दोबारा श्रद्धालुओं को परेशान न करने और कानून का पालन करने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिया।
BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपियों में कई नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ BNS की धारा 285 और 8 लोगों के खिलाफ धारा 170 BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
- नाबालिग: परिजनों को बुलाकर कड़ी समझाइश के साथ उनके सुपुर्द कर दिया गया।
- बालिग आरोपी: सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल किया था वीडियो
कोरबा शहर के रहने वाले इन युवकों ने मंदिर मार्ग पर उत्पात मचाते और श्रद्धालुओं का रास्ता रोककर स्टंटबाजी करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को चिन्हित कर धर दबोचा।
सीएसपी की सख्त चेतावनी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि सावन के दौरान कनकी धाम में हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क अवरुद्ध करना और कानून-व्यवस्था बिगाड़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन और युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



