डबल मर्डर से दहला खैरागढ़, अतरिया गांव में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, हिरासत में पड़ोसी

Double Murder in Khairagarh: खैरागढ़ जिले के अतरिया गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गांव के एक दंपति की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान बाबूलाल शोरी (55) और उनकी पत्नी सुनती बाई शोरी (51) के रूप में हुई है। घटना सुबह 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी राजेश देवदास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घर के आंगन में सुनती बाई का शव और कमरे के भीतर खून से लथपथ बाबूलाल शोरी का शव मिला।
यह भी पढ़ें:- CG Cabinet Decision : छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को दिया तोहफा, धान खरीदी दर 3100 रुपए क्विंटल तय
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी भगवती गोंड (35) को हिरासत में लिया है। वह मृतक दंपति के घर के ठीक सामने रहता था। थाना प्रभारी देवदास ने कहा कि हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल हुआ है, जिसकी तलाश अभी जारी है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
डबल मर्डर से पूरे अतरिया गांव में शोक और भय का माहौल है। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं सूरजपुर जिले के लक्ष्मीपुर गांव से भी एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां सजन सिंह नाम के शख्स ने मामूली विवाद के चलते अपने ही पिता उजियार सिंह की बेलचा मारकर हत्या कर दी। (Double Murder in Khairagarh)
शराब नहीं देने पर हुआ था विवाद
यह घटना सलका चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि सजन सिंह घर में बने शराब को पीने के लिए मांग रहा था, लेकिन मां ने मना कर दिया। इसके बाद उसने मां और पत्नी से झगड़ा शुरू कर दिया। जब उसके पिता और भाई ने उसे समझाने की कोशिश की तो सजन ने पास में रखा बेलचा उठाकर पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उजियार सिंह को तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को उसी के गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सजन सिंह ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। उसके पास से घटनास्थल पर इस्तेमाल किया गया बेलचा भी बरामद कर लिया गया है।



