Google Analytics —— Meta Pixel

CGPSC भर्ती घोटाले में ED की जांच तेज, 30 लोगों को पूछताछ का नोटिस

कथित कैश सिंडिकेट की पड़ताल में जुटी एजेंसी, अभ्यर्थियों के अलावा NGO, कंपनी और रिसॉर्ट संचालक भी जांच के घेरे में

CGPSC ED Notice : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित कैश सिंडिकेट और पैसों के लेनदेन की पड़ताल तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े करीब 30 लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। इनमें विवादित अभ्यर्थियों के अलावा NGO, एक बड़ी कंपनी और रिसॉर्ट संचालकों से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

ED अब कथित तौर पर अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम के स्रोत, उसके लेनदेन और संभावित लाभार्थियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एजेंसी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोगों और कथित वित्तीय नेटवर्क के बीच संबंधों की कड़ियां भी खंगाल रही है। (CGPSC ED Notice )

जमानत पर बाहर आरोपियों से भी पूछताछ

जांच के दौरान ED ने मामले में जमानत पर बाहर चल रहे कुछ आरोपियों को भी दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है। इनमें तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर, टामन सोनवानी के भतीजे साहिल सोनवानी, नितेश सोनवानी, शशांक गोयल और उनकी पत्नी भूमिका कटियार समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में कथित वित्तीय लेनदेन, भर्ती प्रक्रिया के दौरान संपर्क और पैसों के प्रवाह से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

अभ्यर्थियों से करोड़ों की वसूली का आरोप

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, कोचिंग संचालक उत्कर्ष चंद्राकर ने मेडिकल ऑफिसर डॉ. विकास चंद्राकर के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी दिलाने का कथित नेटवर्क तैयार किया था।

आरोप है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के विभिन्न चरणों में मदद और प्री परीक्षा से लेकर इंटरव्यू तक सफलता की गारंटी देने का दावा किया गया। इसके बदले अभ्यर्थियों से तीन करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूले जाने की बात जांच में सामने आई है।

ED अब इस रकम के स्रोत, उसके लेनदेन और कथित तौर पर रकम के इस्तेमाल की दिशा में जांच कर रही है।

CSR फंड भी जांच के दायरे में

जांच एजेंसी को कथित तौर पर आशंका है कि एक बड़ी कंपनी के CSR फंड का इस्तेमाल रिश्वत की रकम के भुगतान में किया गया हो सकता है। इसी कड़ी में संबंधित NGO और रिसॉर्ट संचालकों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

ED बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और संबंधित लोगों के बीच हुए पैसों के आवागमन की जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि कथित कैश सिंडिकेट में रकम कहां से आई, किन माध्यमों से आगे पहुंची और इससे संभावित रूप से किसे लाभ मिला।

फिलहाल ED की पूछताछ और वित्तीय जांच जारी है। (CGPSC ED Notice )

यह भी पढ़े :- झीरम घाटी नक्सली हमला: 13 साल बाद आया बड़ा फैसला, 10 आरोपी दोषी

Back to top button
error: Content is protected !!