बैंक से 60 हजार निकालते ही किसान बना उठाईगिरों का शिकार
बाइक की डिक्की से नकदी पार, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा स्थित मोदी चौक के पास एक किसान उठाईगिरी का शिकार हो गया। अज्ञात बदमाश ने बैंक से निकाली गई 60 हजार रुपये की नकदी बाइक की डिक्की से पार कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया है, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सरवानी गांव निवासी किसान रामनारायण साहू यूनियन बैंक की चांपा शाखा से 60 हजार रुपये निकालकर बाहर आए थे। उन्होंने नकदी बाइक की डिक्की में रखी और खरीदारी के लिए विभिन्न दुकानों पर चले गए।
इसी दौरान मोदी चौक के पास बाइक खड़ी कर किसान एक दुकान के अंदर गए। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया। कुछ देर बाद दूसरी दुकान पर पहुंचने पर किसान को नकदी चोरी होने की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस उसकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी राशि निकालने के बाद नकदी को बाइक की डिक्की में न छोड़ें तथा सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



