Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा पर अभद्र टिप्पणी, युवक के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर उत्तर के विधायक के खिलाफ फेसबुक पर की थी अपमानजनक पोस्ट, पार्षद की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस की कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी का एक नया मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। यह कार्रवाई स्थानीय पार्षद की शिकायत पर की गई है।

फेसबुक पोस्ट पर किया था अमर्यादित भाषा का प्रयोग

मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। स्थानीय वार्ड पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट पर ‘ललित टांडी ललित’ नाम के एक फेसबुक यूजर ने विधायक पुरंदर मिश्रा को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी की थी।

छवि धूमिल करने का प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिकायतकर्ता पार्षद का आरोप है कि इस अभद्र टिप्पणी के जरिए विधायक मिश्रा की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और समाज में उनकी छवि को धूमिल करने का जानबूझकर प्रयास किया गया। पार्षद की लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (अश्लीलता/अभद्र भाषा का प्रयोग) और धारा 353(2) (सार्वजनिक शांति भंग करने या अफवाह फैलाने के इरादे से दिया गया बयान) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की अभद्र गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े :- पहले सोनम, फिर सिया और अब उर्मिला ने खेला खूनी खेल, शादी से तीन दिन पहले मंगेतर को उतारा मौत के घाट

Back to top button
error: Content is protected !!