पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी आग, चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, पढ़े पूरी खबर
कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास पेट्रोल-डीजल से लदे टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने टैंकर स्टार्ट किया, इंजन के हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
टैंकर से कूदकर बचाई जान
आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने तत्काल टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग के फैलने और संभावित विस्फोट के खतरे को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हाईवे पर वाहनों की लगी कतार
हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। इसके चलते एनएच-130 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। चालक और कंडक्टर समय रहते टैंकर से बाहर निकल गए। वहीं पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल टैंकर में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : तहसीलदार की कुर्सी पर आ गिरा छत का प्लास्टर, टला बड़ा हादसा



