Google Analytics —— Meta Pixel

JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते गिरफ्तार; छात्र आंदोलन के बीच CID का बड़ा एक्शन

परीक्षाओं में गड़बड़ी के गंभीर आरोप | आवास व कार्यालय पर छापेमारी के बाद हुई कार्रवाई

रांची: झारखंड में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन और विधानसभा मार्च के बीच अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। CID ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में गंभीर धांधली के आरोप हैं।

पूछताछ और छापेमारी के बाद कार्रवाई

14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच के सिलसिले में सीआईडी ने 28 जुलाई को खियांग्ते को पूछताछ के लिए तलब किया था। इससे पहले जांच टीम ने उनके सरकारी आवास और JPSC कार्यालय पर छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, OMR शीट और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए थे। हालांकि, पूछताछ के दौरान खियांग्ते ने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया था।

विवादों के बीच दिया था इस्तीफा

14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणामों को लेकर उठे विवाद और पारदर्शी जांच की मांग को लेकर जारी छात्र प्रदर्शनों के बीच खियांग्ते ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने ई-मेल के जरिए राजभवन को अपना त्यागपत्र भेजा था, जिसे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वीकार कर लिया था।

प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज से आक्रोश

उधर, रांची में चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने पुलिस को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सहयोग करने की सलाह दी है। लाठीचार्ज में छात्रों के घायल होने की खबरों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, “जब आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, तो बल प्रयोग करना पूरी तरह गलत है। मैं स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर आया हूं।”

यह भी पढ़े :- विष्णु सरकार ने बढ़ाया किसानों का मान-खेती किसानी को मिला नया संबल

Back to top button
error: Content is protected !!