रायपुर में साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
1.80 लाख रुपये मूल्य के 12 ग्राम सोने के सिक्के और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

रायपुर। साइबर ठगी से कमाई अवैध रकम का इस्तेमाल कर ज्वेलर्स से सोने के सिक्के खरीदने वाले एक शातिर गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने साइबर फ्रॉड के पैसों को यूपीआई (UPI) के जरिए भुगतान कर सोने के सिक्के खरीदे थे। बाद में बैंक द्वारा खाते में आए ट्रांजेक्शन को फ्रीज किए जाने पर ज्वेलर्स को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये मूल्य के 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दो नामचीन ज्वेलर्स को बनाया निशाना
-
पहला मामला (संतोषी नगर): 18 जुलाई को संतोषी नगर स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स में एक युवक ने 1-1 ग्राम के सात सोने के सिक्के खरीदे। उसने करीब 99,900 रुपये का भुगतान ‘JAGDAMBA TC’ नामक यूपीआई आईडी से किया। दो दिन बाद बैंक ने व्यापारी को सूचित किया कि खाते में आई राशि साइबर अपराध से जुड़ी होने के कारण फ्रीज कर दी गई है।
-
दूसरा मामला (टिकरापारा): 17 जुलाई को टिकरापारा स्थित अजय ज्वेलर्स से एक आरोपी ने 5 ग्राम सोने का सिक्का खरीदकर 76,220 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद उसने एक अन्य फर्जी ट्रांजेक्शन के जरिए 23,500 रुपये नकद वापस भी ले लिए। बैंक द्वारा खाते की 1.99 लाख रुपये से अधिक की राशि को साइबर फ्रॉड से संबंधित बताकर फ्रीज कर दिया गया।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से दबोचे गए आरोपी
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी, बैंक खातों के विवरण, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी के पैसों को सफेद (वैध) करने की नीयत से सुनियोजित तरीके से सोने के सिक्के खरीदे थे। मुखबिर की सूचना और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिधों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- मनजीत मंडल (27) — निवासी: कांकेर
- शाहिल नेताम (21) — निवासी: संजय नगर, टिकरापारा (रायपुर)
- आयुष साहू (21) — निवासी: टिकरापारा (रायपुर)
नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के भी अहम सुराग मिले हैं। साइबर ठगी के मूल स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच जारी है।



