Google Analytics —— Meta Pixel

दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने सोशल मीडिया पर वायरल कीं पत्नी की निजी तस्वीरें, मामला दर्ज

अस्पताल में भर्ती युवती को पिता के सामने ही बेरहमी से पीटा था, आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दहेज के लालच में एक पति ने न केवल अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके मायके चले जाने पर उसकी अत्यंत निजी और संवेदनशील तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

शादी के कुछ दिन बाद ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी (समथर) की रहने वाली 24 वर्षीय युवती का विवाह 17 अप्रैल 2024 को ग्वालियर की मंगल कॉलोनी निवासी नवीन गुर्जर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही आरोपी नवीन गुर्जर ने कम दहेज का ताना देकर युवती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पिता के सामने ही लहूलुहान किया, अस्पताल में रही भर्ती

प्रताड़ना का सिलसिला यहीं नहीं थमा। बीते 11 मार्च 2026 को आरोपी ने युवती के पिता और जीजा के सामने ही उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को परिजनों ने ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह पांच दिनों तक उपचाराधीन रही। इस दौरान ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति उसका हालचाल जानने नहीं पहुंचा। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पीड़िता अपने मायके झांसी लौट गई।

ससुराल से धक्के देकर निकाला, फिर इंटरनेट पर वायरल की तस्वीरें

बीते 8 जुलाई को पीड़िता जब वापस अपने ससुराल ग्वालियर पहुंची, तो आरोपी पति ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और धक्के मारकर निकाल दिया। इसी बीच पीड़िता को जानकारी मिली कि उसके पति नवीन ने उसकी कुछ बेहद निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर दिए हैं और अपने दोस्तों को भी फॉरवर्ड कर दिए हैं। इस लोक-लाज और मानसिक आघात के बाद पीड़िता ने सिरोल थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की कार्रवाई और काउंसलिंग

सिरोल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति नवीन गुर्जर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आईटी एक्ट (IT Act) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही, पीड़ित महिला को मानसिक संबल प्रदान करने के लिए महिला सेल के माध्यम से काउंसलिंग कराई जा रही है और आवश्यक कानूनी सहायता मुहैया कराई गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सुशासन, विकास और विश्वास की नई इबारत लिख रही है सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Back to top button
error: Content is protected !!