Google Analytics —— Meta Pixel

CM साय की सख्ती का असर: अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन और परिवहन में लगे 3 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने यह कार्रवाई की। बताया गया कि देवराजपारा-सधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम व मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन की सूचना पर भी खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान देवराजपारा-सधवानी क्षेत्र से दो जेसीबी, बंधी-बचरवार क्षेत्र से एक जेसीबी और सिलपहरी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर में रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, सधवानी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर कार्यालय में अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन या भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को नियमित निगरानी और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और समझौता राशि जमा होने के बाद ही संबंधित वाहनों को छोड़ा जाएगा।

इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू सहित जिला खनिज उड़नदस्ता दल की सक्रिय भूमिका रही।

प्रदेश सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध खनन पर रोक को लेकर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़े :- जमीन विवाद में बेटे ने मां की हत्या, पिता पर भी किया जानलेवा हमला

Back to top button
error: Content is protected !!