Google Analytics —— Meta Pixel

भारत-जापान रिश्तों को नई उड़ान, रक्षा तकनीक, न्यूक्लियर एनर्जी और AI पर ऐतिहासिक समझौते

India Japan Relationship : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री Sanae Takaichi के बीच नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में शिष्टमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास ही सबसे बड़ी रणनीतिक पूंजी है। इस दौरान उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची को अपनी “छोटी बहन” बताते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया।

AI और रक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक समझौते

बैठक के दौरान भारत और जापान के बीच कई अहम समझौतों पर सहमति बनी। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र को सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक और भारत की मजबूत सॉफ्टवेयर क्षमता मिलकर दुनिया में AI विकास को नई दिशा दे सकती है। इसके अलावा दोनों देशों ने हाइड्रोजन और न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। (India Japan Relationship)

रक्षा क्षेत्र में पहली बार संयुक्त तकनीक विकास

रक्षा सहयोग को लेकर दोनों देशों ने पहली बार संयुक्त तकनीक विकास का समझौता किया है। इसके तहत नौसेना के लिए ‘यूनिकॉर्न’ रेडियो एंटीना सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसे भारत-जापान रक्षा साझेदारी में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

भारत में आएगा 10 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश

आर्थिक मोर्चे पर भी बैठक काफी अहम रही। पीएम मोदी ने बताया कि पिछले एक साल में भारत और जापान के बीच करीब 120 नए व्यापारिक समझौते हुए हैं, जिनके जरिए भारत में 10 अरब डॉलर से अधिक जापानी निवेश आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य जापान से 10 ट्रिलियन येन निवेश भारत लाना और अगले 10 वर्षों में भारत में काम कर रही जापानी कंपनियों की संख्या को दोगुना करना है।

PM मोदी बोले- भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत

संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में देशों के बीच आपसी विश्वास सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत-जापान की साझेदारी इस कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरती है।

भारत की विकास यात्रा में जापान की अहम भूमिका

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों में जापान ने ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर समेत कई क्षेत्रों में भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची की यह यात्रा भारत-जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप के नए अध्याय की शुरुआत है। (India Japan Relationship)

Back to top button
error: Content is protected !!