PoK में आरक्षित सीटों को लेकर हिंसा, अब तक 30 की मौत, भारत बोला- मानवाधिकार उल्लंघन पर जवाब दे पाकिस्तान
India on PoK Violence: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में विधानसभा की आरक्षित सीटों को लेकर चल रहा विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दिनों से जारी टकराव में अब तक चार पुलिसकर्मियों समेत 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिसमें 23 सुरक्षाकर्मी और करीब 50 प्रदर्शनकारी शामिल हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और कई इलाकों में तनाव बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हिंसा जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) और क्षेत्रीय सरकार के बीच चल रहे विवाद के दौरान भड़की। पुलिस ने अब तक 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट के बड़े फैसले: किसानों को ₹15 हजार प्रति एकड़ सहायता, खनन पर सख्ती, 240 ई-बसों को मिली मंजूरी
PoK की विधानसभा में 12 सीटें उन शरणार्थियों के लिए आरक्षित हैं, जो जम्मू-कश्मीर से पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में जाकर बसे थे। JAAC लंबे समय से इन सीटों को समाप्त करने की मांग कर रहा है। संगठन का आरोप है कि इन सीटों के कारण स्थानीय जनता का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है। इसी मांग को लेकर संगठन लगातार आंदोलन चला रहा था। हाल के दिनों में आंदोलन तेज होने के बाद सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव बढ़ गया, जिसने हिंसक रूप ले लिया। क्षेत्रीय सरकार ने 5 जून को JAAC पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया था। सरकार के इस कदम के बाद पूरे क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए और हालात लगातार बिगड़ते गए। रविवार को संगठन के एक सदस्य की कथित पुलिस फायरिंग में मौत के विरोध में कार्यकर्ता अस्पताल के शवगृह के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई और देखते ही देखते हिंसा फैल गई।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के दावे अलग-अलग
रावलकोट के कमिश्नर सरदार वहीद खान ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की गोलीबारी में चार पुलिसकर्मियों और एक राहगीर की मौत हुई। इसके जवाब में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान छह प्रदर्शनकारी मारे गए। वहीं पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस का दावा है कि JAAC से जुड़े लोगों ने शॉटगन और अन्य हथियारों से सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया। पुलिस ने इस घटना को आतंकवादी कार्रवाई बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। PoK में जारी हिंसा और विरोध प्रदर्शनों को लेकर भारत ने पाकिस्तान पर फर्जी खबरें और भ्रामक वीडियो फैलाने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान लगातार झूठी खबरें और वीडियो प्रसारित कर अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहा है। (India on PoK Violence)
क्षेत्र में बने हुए हैं तनावपूर्ण हालात
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पुलिस की बर्बरता और मानवाधिकार उल्लंघन की खबरें सामने आ रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप करने और पाकिस्तान को मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराने की मांग की है। हिंसा के बाद PoK के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती की है। हालांकि हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और सरकार-प्रदर्शनकारी संगठनों के बीच टकराव कम होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। विधानसभा की आरक्षित सीटों को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब गंभीर हिंसा में बदल चुका है। बढ़ती मौतों और घायल लोगों की संख्या ने PoK में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटनाक्रम पर नजरें टिकी हुई हैं।



