“भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा”: पहलगाम हमले की बरसी पर पीएम मोदी का सख्त संदेश
नई दिल्ली। पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्पष्ट कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़े :- स्कूल भवन निर्माण पर सवाल, घटिया सामग्री के आरोप के बाद काम रोका गया
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। एक राष्ट्र के तौर पर हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”
वहीं, भारतीय सेना ने भी आतंकियों और उनके सरपरस्तों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत के खिलाफ किए गए हर कृत्य का जवाब दिया जाएगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर कार्रवाई की प्रतिबद्धता दोहराई।
गौरतलब है कि Pahalgam में 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाकर हमला किया था। बैसरन घाटी में हुए इस हमले में कई निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया और उन्हें मार गिराया। इसके साथ ही आतंकवाद के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर ऑपरेशन भी संचालित किए गए।
पहलगाम हमले की बरसी पर देशभर में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है।




