तीसरे वनडे में भारत की शानदार जीत, 2-1 से जीती सीरीज, साउथ अफ्रीका से टेस्ट हार का लिया बदला

India Won ODI Series: भारत ने तीसरे और निर्णायक वनडे में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराते हुए तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया ने मेहमान टीम को 270 रन पर रोक दिया। जवाब में भारत ने लक्ष्य 40वें ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक ने शानदार शतक लगाया और 103 रन बनाए। कप्तान टेम्बा बावुमा (48), डेवाल्ड ब्रेविस (29) और मैथ्यू ब्रीट्जकी (24) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें:- राज्य वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन 20 दिसंबर तक
भारत की ओर से कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 4-4 विकेट चटकाए। 271 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने 155 रन की साझेदारी कर मजबूत शुरुआत दिलाई।रोहित शर्मा ने 75 रन की पारी खेली, जो सीरीज की उनकी पहली फिफ्टी भी रही। यशस्वी जायसवाल ने 111 गेंदों पर अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा। विराट कोहली ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया और सिर्फ 40 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने लुंगी एनगिडी की गेंद पर लगातार दो चौके जड़कर टीम को जीत दिलाई। (India Won ODI Series)

पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में इंटरनेशनल क्रिकेट में 20,000 रन पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। भारत ने तीसरा वनडे जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दूसरे वनडे में 359 रन का टारगेट चेज करने वाली साउथ अफ्रीकी टीम इस बार बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। अब दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की T-20 सीरीज 9 दिसंबर से शुरू होगी। बता दें कि भारत को टेस्ट सीरीज 2-0 से हार मिली थी, जिसका बदला टीम ने वनडे में हराकर लिया है।

शतकवीर यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। रोहित भाई से हमने शुरुआत से ही बात की थी कि कैसे पारी बनानी है। शुरुआत में रन नहीं बन पा रहे थे, लेकिन बाद में लय मिल गई। विराट पाजी ने आकर काफी मदद की और टारगेट सेट करने में भी मार्गदर्शन दिया। साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने कहा कि हम मैच को रोमांचक बनाना चाहते थे, लेकिन रन कम पड़ गए। लाइट्स में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। हमने शुरुआती ओवरों में कंट्रोल किया, लेकिन स्कोरबोर्ड पर दबाव न होने से भारत ने आसानी से खेला। उनकी बल्लेबाजी शानदार रही। (India Won ODI Series)

प्लेयर ऑफ द सीरीज विराट कोहली ने कहा कि इस सीरीज में मेरा प्रदर्शन मुझे संतुष्ट करता है। पिछले दो-तीन साल में मैं इस तरह नहीं खेल पाया था। इस लय को जारी रखना जरूरी है। भारत के गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कि गेंदबाजी आसान नहीं थी। बॉल पुरानी थी और बल्लेबाज अच्छे शॉट खेल रहे थे, लेकिन क्रिकेट में अच्छा है कि दूसरा मौका मिलता है। मैं लगातार गुड लेंथ पर गेंद डालने की कोशिश कर रहा था। बता दें कि दूसरा मुकाबला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुआ था, जहां भारतीय टीम को 358 रन बनाने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा था। लगातार 20 टॉस हारने के बाद टीम इंडिया ने 21वें टॉस जीतने के साथ मैच भी जीत लिया।




