Google Analytics —— Meta Pixel

खुदाई में मिले ‘पुराने सोने’ का झांसा देकर करोड़ों ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

रायपुर : रायपुर पुलिस ने खुदाई में पुराना सोना मिलने का झांसा देकर देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शंभू राय समेत तीन आरोपियों को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के नकली आभूषण, 4 मोबाइल फोन और 4 फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।

रायपुर में 22.50 लाख की ठगी

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डी.डी. नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर कुल 22.50 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में ऐसी एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

ठगी का पैंतरा: असली सैंपल दिखाकर बेचते थे पीतल

मुख्य आरोपी शंभू राय घूम-घूमकर रत्न (राशि पत्थर) बेचने के बहाने अमीर लोगों को चिन्हित करता था। वह खुद को दिहाड़ी मजदूर बताकर दावा करता था कि उसे खुदाई में पुराना सोना मिला है। शिकार को झांसे में लेने के लिए वह पहले जांच के तौर पर असली सोने का छोटा टुकड़ा देता था। भरोसा कायम होते ही वह दिल्ली के करोल बाग से खरीदे गए पीतल के हार को असली सोना बताकर लाखों रुपये में बेच देता और मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।

महिला साथियों को मां और रिश्तेदार बताता था

आरोपी शंभू राय गिरोह की महिला सदस्यों (गीता और शांति) को पीड़ितों के सामने अपनी मां या रिश्तेदार के रूप में पेश करता था, ताकि लोगों का भरोसा आसानी से जीता जा सके। आरोपी के पास से चार अलग-अलग फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं, जिनकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब अन्य राज्यों से संपर्क कर इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

  • शंभू राय (36 वर्ष) – निवासी: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश
  • गीता गुजराती (40 वर्ष) – निवासी: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश
  • शांति गुजराती (35 वर्ष) – निवासी: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश

यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार में 12 लाख की डकैती का खुलासा: 100 से अधिक अपराधों में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के 4 शातिर डकैत गिरफ्तार

Back to top button
error: Content is protected !!