होर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर ईरान का मिसाइल हमला; भारतीय नाविक की मौत, 8 घायल
खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात; बौखलाए अमेरिका ने की ईरान के बंदरगाहों की पूर्ण नाकेबंदी की घोषणा
नई दिल्ली : खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। सोमवार रात ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर भीषण क्रूज मिसाइल हमला किया। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि चालक दल के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए हैं। घायलों में से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की आधिकारिक पुष्टि की है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि ओमान की समुद्री सीमा के भीतर, होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी शिपिंग लेन से गुजरते समय ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ नाम के दो वाणिज्यिक टैंकरों को ईरान की दो क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया।
‘मोम्बासा’ टैंकर पर हुआ हमला, भारत के प्रति जताई संवेदना
मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल हमले की चपेट में आए ‘मोम्बासा’ टैंकर पर सवार एक भारतीय क्रू सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल हुए 8 लोगों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। मिसाइल के टकराने से दोनों जहाजों में भीषण आग लग गई, जिससे उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
इस कायरतापूर्ण हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए यूएई के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने भारत सरकार और वहां के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। यूएई ने इस कृत्य को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि वह जवाबी कार्रवाई करने का अपना अधिकार सुरक्षित रखता है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का खुला उल्लंघन
यूएई ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ईरान का यह हमला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्ताव संख्या 2817 का खुला उल्लंघन है। यूएई ने मांग की है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार की स्थिरता बनाए रखने के लिए ईरान को इन बिना उकसावे वाले हमलों को तुरंत रोकना होगा। साथ ही, होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी शर्त के पूरी तरह से फिर से खोलना होगा।
अमेरिका और ईरान में बढ़ा टकराव, 140 ठिकानों पर बमबारी
यह ताजा हमला तब हुआ है जब इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को बंद किए जाने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। ईरान की इस कार्रवाई के जवाब में अमेरिकी सेना पहले ही ईरान में 140 सैन्य ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले कर चुकी है।
आज शाम से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी करेगा अमेरिका
तनाव को देखते हुए अमेरिका ने बड़ी घोषणा की है कि वह आज शाम से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात की नाकेबंदी (Naval Blockade) शुरू कर देगा।
“होर्मुज स्ट्रेट में हमारी नौसैनिक नाकेबंदी खास तौर पर सिर्फ ईरान को निशाना बनाएगी। अन्य देशों के व्यापारिक जहाजों को इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने की अनुमति होगी। यह प्रतिबंध केवल ईरान और तेहरान के साथ व्यापार करने वालों पर ही लागू होगा।”
— डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति (एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर करने के बाद पत्रकारों से चर्चा में)



