Google Analytics —— Meta Pixel

Israel-Iran war : ईरान पर फिर हमला किया तो अकेले पड़ जाओगे: ट्रंप ने नेतन्याहू को दी चेतावनी

Israel-Iran war : अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद पश्चिम एशिया में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इजरायल दोबारा ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करता है, तो उसे इसका सामना अकेले करना पड़ सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू से बातचीत के दौरान कहा, “बिबी, बेहतर होगा कि तुम सावधान रहो, नहीं तो बहुत जल्द तुम अकेले पड़ जाओगे।” बताया जा रहा है कि ट्रंप को आशंका है कि यदि संघर्ष दोबारा भड़कता है तो ईरान के साथ संभावित समझौते की कोशिशें प्रभावित हो सकती हैं और अमेरिका भी इस विवाद में उलझ सकता है। (Israel-Iran war)

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

हाल के दिनों में इजरायल और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। रविवार को इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हमला किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं। इस घटनाक्रम के बाद पूरे पश्चिम एशिया में व्यापक संघर्ष की आशंकाएं तेज हो गई हैं।

नेतन्याहू बोले- हमलों का देंगे करारा जवाब

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संघर्ष विराम का समर्थन तो किया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी हमले का जवाब “पूरी ताकत” से दिया जाएगा। इजरायल का कहना है कि लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ उसका अभियान जारी रहेगा और सुरक्षा हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ईरान से समझौते की कोशिश में ट्रंप

रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ईरान के साथ किसी समझौते की संभावनाओं को लेकर आशावादी है। इसी कारण अमेरिकी राष्ट्रपति ने नेतन्याहू से आग्रह किया कि बातचीत की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने वाले कदमों से बचा जाए।

अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप एक संतुलित रुख अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। एक ओर वे इजरायल के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें चिंता है कि लगातार जवाबी हमले पूरे क्षेत्र को बड़े युद्ध की ओर धकेल सकते हैं।

दोबारा हुई ट्रंप-नेतन्याहू की बातचीत

तनाव बढ़ने के बाद ट्रंप और नेतन्याहू के बीच दोबारा फोन पर बातचीत हुई। बताया गया कि ट्रंप ने बड़े सैन्य हमलों से बचने की अपील की, जिस पर नेतन्याहू ने सहमति जताई। इजरायली अधिकारियों के अनुसार, यदि ईरान आगे कोई हमला नहीं करता है तो इजरायल भी बड़े स्तर की सैन्य कार्रवाई से परहेज करेगा।

नेतन्याहू का दावा

इस बीच राष्ट्र के नाम संबोधन में नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल ने ईरान से उत्पन्न संभावित परमाणु खतरे को काफी हद तक निष्क्रिय कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में इजरायल ने ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह की क्षमताओं को भी गंभीर रूप से कमजोर किया है। नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि इजरायल ने हिजबुल्लाह की बड़े हमले की योजनाओं को विफल किया और उसके कई ठिकानों को नष्ट कर दिया। (Israel-Iran war)

यह भी पढ़े :-

Back to top button
error: Content is protected !!