Google Analytics —— Meta Pixel

जन्माष्टमी विशेष: जब कंस के आतंक के बीच आधी रात को हुआ कन्हैया का जन्म, मथुरा से गोकुल तक छाया कृष्ण नाम का उजियारा

Janmashtami Special 2026: जब अत्याचार बढ़ा, जब अधर्म ने अपनी सीमाएं लांघ दीं, जब कंस के आतंक से मथुरा की धरती कांप उठी, तब अंधकार के बीच एक नई रोशनी ने जन्म लिया। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी की वह आधी रात, जब मथुरा के कारागार में देवकी और वासुदेव के घर भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। मान्यता है कि भगवान विष्णु ने धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए श्रीकृष्ण के रूप में आठवां अवतार लिया। कारागार में जन्मे नंदलाल ने आगे चलकर गोकुल की गलियों में अपनी बाल लीलाओं से सभी का मन मोह लिया। सिर पर मोर मुकुट, हाथों में मुरली, चेहरे पर मोहक मुस्कान और अधरों पर बांसुरी की मधुर तान, कृष्ण का यही स्वरूप भक्तों के हृदय में आज भी बसा हुआ है।

यह भी पढ़ें:- CG Murder Case : थप्पड़ का बदला लेने रची हत्या की साजिश, 16 साल के नाबालिग ने कर दिया खूनी कांड, पढ़े पूरी खबर

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। उस समय मथुरा पर कंस का शासन था। कंस को भविष्यवाणी मिली थी कि उसकी बहन देवकी की आठवीं संतान ही उसके विनाश का कारण बनेगी। इसी भय के कारण कंस ने देवकी और उनके पति वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया। देवकी की संतानों को कंस एक-एक कर मारता गया, लेकिन जब आठवीं संतान के रूप में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ तो परिस्थितियां बदल गईं। मान्यता है कि श्रीकृष्ण के जन्म के समय कारागार के द्वार खुल गए, पहरेदार गहरी नींद में सो गए और वासुदेव नवजात कृष्ण को लेकर यमुना पार करते हुए गोकुल पहुंचे। वहां उन्होंने श्रीकृष्ण को नंद बाबा और माता यशोदा के संरक्षण में सौंप दिया। यहीं से शुरू होती है उस बाल गोपाल की कथा, जिसने अपनी नटखट लीलाओं से पूरे गोकुल को अपना बना लिया।

मथुरा में जन्मे, गोकुल में पले कन्हैया 

श्रीकृष्ण जन्मे तो मथुरा की धरती पर थे, लेकिन उनका बचपन गोकुल और वृंदावन की गलियों में बीता। नंद बाबा के आंगन में जब कान्हा आए तो पूरा गोकुल जैसे उत्सव में बदल गया। कभी माखन की चोरी, कभी गोपियों को सताना, कभी गायों के पीछे-पीछे जंगलों में जाना और कभी अपनी बांसुरी की धुन से सभी को मंत्रमुग्ध कर देना। बाल कृष्ण की हर लीला अपने भीतर भक्ति और प्रेम का संदेश समेटे हुए हैं। कृष्ण की बाल लीलाओं में एक ओर जहां मासूमियत दिखाई देती है, वहीं दूसरी ओर उनके दिव्य स्वरूप का एहसास भी भक्तों को होता है। इसी वजह से वे किसी के लिए कान्हा हैं, किसी के लिए नंदलाल, किसी के लिए गोपाल तो किसी के लिए बांके बिहारी। (Janmashtami Special 2026)

कुरुक्षेत्र में अर्जुन को दिया कर्म का ज्ञान

बाल रूप में भोले-भाले और नटखट नजर आने वाले श्रीकृष्ण ने आगे चलकर कंस के अत्याचार का अंत किया। श्रीकृष्ण का धरती पर अवतरण अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना के उद्देश्य से हुआ था। यही कारण है कि कृष्ण की कथा सिर्फ उनके जन्म और बाल लीलाओं तक सीमित नहीं है। वे महाभारत के नायक भी हैं, द्वारका के राजा भी और अर्जुन के सारथी भी। कृष्ण का चरित्र जीवन के अलग-अलग पड़ावों में अलग-अलग संदेश देता है-बचपन में प्रेम, युवावस्था में कर्तव्य और महाभारत में धर्म-कर्म का संदेश। महाभारत के युद्ध से पहले अर्जुन जब अपने ही संबंधियों और गुरुजनों को सामने देखकर विचलित हुए, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कर्म, धर्म और जीवन का ज्ञान दिया। श्रीकृष्ण ने अर्जुन को समझाया कि मनुष्य का अधिकार अपने कर्म पर है और उसे अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। यही उपदेश आगे चलकर भगवद्गीता के रूप में संसार के लिए अमूल्य ज्ञान बना। इसलिए कृष्ण सिर्फ प्रेम और भक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे कर्मयोग, धर्म और जीवन दर्शन के भी मार्गदर्शक माने जाते हैं।

श्याम का रंग और राधा का प्रेम

श्रीकृष्ण और राधा का प्रेम भारतीय भक्ति परंपरा में सबसे पवित्र प्रेम प्रतीकों में से एक माना जाता है। श्याम का रंग और राधा का प्यार, इस प्रेम में छुपा है सारा संसार। राधा-कृष्ण की कथा में प्रेम को सिर्फ सांसारिक रिश्ते के रूप में नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा के मिलन, भक्ति के प्रतीक के रूप में भी देखा जाता है। वृंदावन की गलियों में कृष्ण की बांसुरी और राधा का नाम आज भी भक्ति के सबसे मधुर स्वरूपों में गिना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण को उनके भक्त अलग-अलग नामों से पुकारते हैं। हर नाम उनके किसी विशेष स्वरूप, गुण या लीला से जुड़ा हुआ माना जाता है। उनके नामों में अच्युत, अधोक्षज, अनंत, अनिरुद्ध, अव्यक्त, बालगोपाल, बांके बिहारी, बंसीधर, बंसीलाल, बनवारी, बिहारी, चक्रधर, चतुर्भुज, चित्तचोर, दामोदर, दयानिधि, देवकीनंदन, दीनानाथ, द्वारकाधीश, घनश्याम, गिरिधर, गिरिवर, गोपाल, गोपीनंदन, गोपीनाथ, गोविंद, हरि, हृषिकेश, जगदीश, जगन्नाथ, जगतपाल, जनार्दन, कान्हा, कन्हैया, करुणेश, केशव, कृपानिधि, कृष्ण, माधव, मधुसूदन, माखनलाल और मनमोहन शामिल हैं।

हर नाम में छिपा अलग स्वरूप 

मनोहर, मोहन, मुकुंद, मुरलीधर, मुरारी, मुरली मनोहर, नंदलाल, नंदगोपाल, नंदकिशोर, नंदकृष्ण, माखनचोर, नवनीत, पद्मनाभ, पार्थसारथी, पुरुषोत्तम, राधावल्लभ, राधेश्याम, राधेश, रणछोड़, रासबिहारी, रसिक, सर्वेश, सत्यम, शरण, शरण्य, श्रीधर, श्रीनाथ, श्रीवत्स, शुभंकर, श्याम, श्रीकृष्ण, सुदर्शन, सुधांशु, सुकृत, सुंदर गोपाल, तेजस, त्रिविक्रम, उदय, उपेंद्र, वैभव, वैकुंठ, वल्लभ, वरद, वासुदेव, वत्सल, वेदांत, वेणु, वेणुमाधव, वेणुमोहन, वेणुगोपाल, विभव, विभु, विजय, विक्रम, विश्वेश, व्रजेश, वृंदावन, यदुनंदन, यज्ञेश, यशोदानंदन, यतिन, योगेश और युवन भी श्रीकृष्ण के नाम हैं। इन नामों में कहीं बाल गोपाल की छवि दिखाई देती है तो कहीं द्वारकाधीश का विराट स्वरूप, कहीं मुरलीधर नजर आते हैं तो कहीं अर्जुन के सारथी पार्थसारथी। (Janmashtami Special 2026)

जन्माष्टमी पर गूंजता है कृष्ण नाम

जन्माष्टमी का पर्व सिर्फ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन और संदेशों को याद करने का अवसर भी है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होती है। भक्त उपवास रखते हैं और आधी रात श्रीकृष्ण जन्म के समय पूजा करते हैं। मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी का उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। कृष्ण जन्म की झांकियां सजाई जाती हैं, भजन-कीर्तन होते हैं और मंदिरों में आधी रात भगवान के जन्म का उत्सव मनाया जाता है। मथुरा नगरी में गूंजा उल्लास…आए कन्हैया बनकर देवकी के लाल। कारागार में जन्म लिया… अंधियारे में प्रकाश किया। नंद के आंगन जब आए श्याम… गूंज उठा हर ओर राधे-राधे नाम। (Janmashtami Special 2026)

कृष्ण देते हैं जीवन जीने का संदेश

कृष्ण की कथा इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके जीवन में प्रेम, करुणा, साहस, नीति, धर्म और कर्म सभी के दर्शन होते हैं। वे बाल रूप में माखन चुराकर लोगों का मन जीतते हैं, राधा के साथ प्रेम की भक्ति धारा को मजबूत करते हैं, कंस के आतंक का अंत करते हैं, महाभारत में धर्म के पक्ष में खड़े होते हैं और कुरुक्षेत्र में अर्जुन को कर्म का ज्ञान देते हैं। इसीलिए कृष्ण की लीला को जितना समझने की कोशिश की जाए, उतने ही नए अर्थ सामने आते हैं। जन्मे थे वो मथुरा में और वृंदावन में खेले थे, महाभारत के नायक थे और अर्जुन जिनके चेले थे। बाल कृष्ण की ऐसी लीला सबको ही हर्षाती है, बड़े-बड़े असुरों की कुछ भी न चल पाती है। दिखते थे वो भोले-भाले, सांवले, सुंदर और निराले, मथुरा के थे केशव-माधव, नंद के गोपाल थे। अर्जुन के थे वासुदेव, कंस के वो काल थे। जिनके आगे नतमस्तक सारा ये संसार है, ऐ मेरे गिरधर, तेरी लीला अपरंपार है। (Janmashtami Special 2026)

राधे-राधे…जय श्रीकृष्ण 

यही भगवान श्रीकृष्ण की कथा का सार है। अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, धर्म और सत्य की रोशनी अंततः अपना रास्ता बना लेती है। प्रेम मन को जीत सकता है और कर्म जीवन को दिशा दे सकता है। इस जन्माष्टमी पर कान्हा के जन्म का उत्सव मनाते हुए उनके इसी संदेश को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया जा सकता है। प्रेम करें, धर्म के मार्ग पर चलें और अपने कर्म को पूरी निष्ठा से निभाएं। अत्याचार के अंधकार में जन्म लेकर धर्म की रोशनी दिखाने वाले कृष्ण, गोकुल की गलियों में प्रेम बांटने वाले कृष्ण और कुरुक्षेत्र में कर्म का संदेश देने वाले कृष्ण। यही वजह है कि कान्हा सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि आस्था हैं, प्रेम हैं, धर्म हैं और जीवन को सही दिशा देने वाला संदेश हैं। कृष्ण की लीला अनंत है। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि जब-जब अधर्म बढ़ेगा, तब-तब धर्म की राह दिखाने के लिए कान्हा का संदेश याद आएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!