दशगात्र से लौट रही महिलाओं से भरा ऑटो पिकअप से टकराया, 3 की मौत, 12 घायल
कोरिया के पटना थाना क्षेत्र में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में 3 महिलाओं की मौत और 12 घायल हुईं।
कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ, जब दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाएं ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं। सावारांवा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं सड़क पर जा गिरीं।
दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के छिंदिया गांव की 15 महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। कार्यक्रम के बाद शुक्रवार देर शाम सभी महिलाएं ऑटो से वापस लौट रही थीं। रात करीब 8 बजे उनका ऑटो पटना थाना क्षेत्र के सावारांवा के पास पहुंचा।
इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन महिलाओं की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल 12 महिलाओं को स्थानीय लोगों की मदद से पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पटना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार चालक और पिकअप की तलाश कर रही है।
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के मुताबिक, मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जाएगी। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पिकअप चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



