बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : लालू परिवार ने डाला वोट, पूर्व CM राबड़ी देवी ने कहा- दोनों बेटों को आशीर्वाद

Lalu Family Casts Vote: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग जारी है। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह से ही कई इलाकों में मतदाता वोट डालने पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ जगहों पर तकनीकी खामियों और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं ने नाराजगी भी जताई। पटना के वेटनरी कॉलेज बूथ पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पत्नी राजश्री यादव और बहन मीसा भारती ने वोट डाला। मतदान के बाद राबड़ी देवी ने कहा कि मेरे दोनों बेटों को मेरा आशीर्वाद है। तेज प्रताप और तेजस्वी दोनों अपने बल पर चुनाव लड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले फेज में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि सभी मतदाताओं से अपील है कि वोट डालें। उन्होंने कहा कि मैं महिलाओं, बच्चों, सभी से अपने घरों से निकलकर वोट देने की अपील करती हूं। इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी। वहीं RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो यही कहेंगे कि बदलाव जरूरी है, नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं। हम बिहार के सभी लोगों से अपील करते हैं कि वे अपने वर्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र पर वोट दें, जो आपको नौकरी, रोजगार, अच्छी शिक्षा, चिकित्सा, पढ़ाई, दवाई और कमाई दे, उसे वोट दें। हम जीतेंगे, बिहार जीतेगा। 14 तारीख को नई सरकार बनने जा रही है। (Lalu Family Casts Vote)

तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और बदलाव के लिए वोट करें, विकास के लिए वोट करें, नौकरियों के लिए वोट करें। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर बिहार को नंबर वन बनाना है, एक नया बिहार बनाना है जहां पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार हो, भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त सरकार हो। हमें ऐसी सरकार बनानी है जो युवाओं पर लाठी न बरसाए और पेपर लीक न करे। सभी से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और बदलाव के लिए वोट करें, विकास के लिए वोट करें, नौकरियों के लिए वोट करें। (Lalu Family Casts Vote)
तेजस्वी ने भाजपा पर लगाया आरोप
CM उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अभी तक नीतीश कुमार के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं की है। भाजपा ने नीतीश कुमार के पीठ में छूरा घोंपने का काम किया है। भाजपा ने अब तक नीतीश कुमार के नाम की घोषणा नहीं की है। भाजपा के लोग चुनाव में 10 हजार की रिश्वत दे रहे हैं नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं थे। भाजपा नीतीश कुमार के वोट बैंक को चुराना चाहती है। इसलिए 10 हजार का रिश्वत भाजपा दिलवा रही है। राजद नेता रोहिणी आचार्य ने कहा कि इस बार बिहार में बेरोजगारी दूर होने वाली है। हमारे गरीब भाई जो दर-दर भटक रहे हैं और पलायन करने को मजबूर हैं, वे अब कहीं नहीं जाएंगे, उन्हें अब यहीं रोजगार मिलेगा। युवाओं की सरकार बनेगी, इस बार रोजगार देने वाली सरकार बनेगी। (Lalu Family Casts Vote)
डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकेंगे: रोहिणी आचार्य
उन्होंने कहा कि ये चुनाव गांवों में रोजगार के लिए दर-दर ठोकर खाने वाले हमारे मजदूर भाइयों के लिए है। मुझे विश्वास है कि हमारे लोग, बिहार के लोग, रोजगार देने वाली सरकार चुनेंगे और डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। राजद नेता मीसा भारती ने कहा कि NDA के केंद्रीय मंत्री क्या कह रहे हैं, गरीबों को घरों में बंद कर दो और वोट मत करने दो। ये जंगलराज है और जब गरीबों का राज था, तब ये लोग उसे जंगलराज कहते थे, आज जंगलराज है। मोकामा में जिस तरह सत्ताधारी दल के संरक्षण में खूनी हत्याएं हो रही हैं, ये जंगलराज है। बिहार के युवाओं ने, बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है क्योंकि युवा डबल इंजन की सरकार से अपना हक और अधिकार मांगते-मांगते थक चुके हैं। इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। अपने भविष्य के लिए, अपने बच्चों के भविष्य के लिए सोच-समझकर वोट करें। महागठबंधन को अपना समर्थन दें।
शांतिपूर्ण मतदान की अपील
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में तीन बूथों यानी 161, 162 और 170 पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। स्थानीय मतदाताओं ने पुल और सड़क निर्माण कार्यों में देरी को लेकर विरोध जताया और वोट नहीं डाला। दानापुर और मधेपुरा में ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें आई हैं। दानापुर के बूथ नंबर 196 पर ईवीएम खराब होने से करीब आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा। मरम्मत के बाद दोबारा वोटिंग शुरू हुई। पहले चरण में कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। इनमें प्रमुख रूप से राघोपुर (तेजस्वी यादव), हसनपुर (तेज प्रताप यादव), बख्तियारपुर (सम्राट चौधरी), लखीसराय (विजय कुमार सिन्हा) और मोकामा (अनंत सिंह) की सीट हैं। इन सीटों पर दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।



