Google Analytics —— Meta Pixel

महतारी वंदन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, युवक ने खुद को महिला बताकर लिया 12 हजार रुपये का लाभ

KYC सत्यापन में खुलासा, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

खैरागढ़। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खैरागढ़ जिले के मुढ़ीपार निवासी एक युवक ने खुद को महिला बताकर योजना का लाभ हासिल कर लिया। आरोपी के खाते में एक वर्ष तक हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि जमा होती रही। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मुढ़ीपार निवासी त्रिलोक साहू ने महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) के पोर्टल पर स्वयं को महिला दर्शाते हुए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उसके खाते में लगातार 12 माह तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि जमा होती रही। इस प्रकार उसने कुल 12 हजार रुपये का लाभ प्राप्त किया।

फर्जीवाड़े का खुलासा योजना के KYC सत्यापन के दौरान हुआ। जांच में पाया गया कि आवेदन पत्र में हितग्राही के नाम के स्थान पर त्रिलोक साहू तथा पति के नाम के स्थान पर भी त्रिलोक साहू दर्ज था। इसके बावजूद आवेदन का सत्यापन संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर द्वारा कर दिया गया, जिसके बाद लाभ राशि का भुगतान जारी रहा।

यह मामला खैरागढ़ परियोजना के मुढ़ीपार सेक्टर से जुड़ा है। रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित आवेदन को अब ‘परमानेंट होल्ड’ कर दिया गया है तथा लाभ त्याग का अनुरोध भी स्वीकृत दर्शाया गया है।

मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर इंद्रजीत चटवाल ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए खैरागढ़ परियोजना अधिकारी को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदन का सत्यापन करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित सुपरवाइजर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, लाभार्थी से अब तक 10 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है। फिलहाल त्रिलोक साहू के विरुद्ध कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है, हालांकि पूरे प्रकरण की जांच जारी है। संबंधित मैदानी अमले से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

महिलाओं के हित में संचालित महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) में सामने आए इस फर्जीवाड़े ने योजना की सत्यापन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़े :- महादेव ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट से प्रवेश का आरोप

Back to top button
error: Content is protected !!