पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; 60 से अधिक गंभीर रूप से झुलसे
बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आज सोमवार (13 जुलाई) सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ के एक लोकप्रिय पब में भीषण आग लगने के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बाथरूम की तरफ भागे लोग, दम घुटने से हुई मौत
रिपोर्ट्स के अनुसार, आग उत्तरी बैंकॉक के चतुचक इलाके में स्थित प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और एंटरटेनमेंट हब ‘रॉन्ग बीयर ना लात फ्राव’ (Rong Beer Na Lat Phrao) में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहाँ मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीन और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अस्पतालों में जाकर पीड़ितों से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री चार्नविराकुल ने मीडिया को बताया, “पब में आग लगने के बाद तेजी से धुआं फैल गया। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग पब के पिछले हिस्से में बने बाथरूम की तरफ भागे, जहाँ दम घुटने और झुलसने से कई मौतें हुईं। अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं।”
कई घायलों की हालत बेहद नाजुक
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी सुरियाचाई ने बताया कि घटनास्थल से रेस्क्यू किए गए 63 घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। बैंकॉक के गवर्नर चडचार्ट सित्तिपुंट ने भी इस बात की पुष्टि की है कि अस्पताल में भर्ती कई मरीजों की स्थिति अत्यंत गंभीर है, जिसके कारण मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, जब तक दमकल की टीमें मौके पर पहुँचीन, आग पूरी तरह फैल चुकी थी। सोशल मीडिया पर भी इस दर्दनाक हादसे के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि थाईलैंड के नाइटक्लबों और पबों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण पहले भी ऐसे हादसे होते रहे हैं। इससे पहले साल 2022 में भी एक नाइटक्लब में लगी आग के कारण 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।



