Vinesh Phogat Retirement: मां कुश्ती जीत गई, मैं हार गई, विनेश फोगाट ने किया संन्यास का ऐलान
Vinesh Phogat Retirement : भारत की महिला रेसलर विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास ले लिया है. विनेश फोगाट ने ये फैसला पेरिस ओलंपिक में हुए अपने डिस्क्वालिफिकेशन के बाद लिया. विनेश फोगाट ने अपने संन्यास की जानकारी एक्स-हैंडल के जरिए दी.उन्होंने संन्यास लेते हुए कहा की वो देशवासियों की ऋणी रहेंगी. अलविदा कुश्ती.
विनेश फोगाट का संन्यास, मां से मांगी माफी
विनेश फोगाट ने कुश्ती को अलविदा (Vinesh Phogat Retirement) कहते हए एक्स-हैंडल पर अपनी मां से माफी भी मांगी है. उन्होंने लिखा कि मां कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई. माफ करना. आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके हैं. इससे ज्यादा ताकत अब नहीं रही.

विनेश फोगाट के ट्वीट से साफ है कि पेरिस ओलंपिक में उनके साथ जो हुआ, उसका उन्हें गहरा दुख है. और, उसी का नतीजा है कि उन्होंने संन्यास का ऐलान किया. पेरिस ओलंपिक में शानदार कुश्ती की नुमाइश करते हुए विनेश ने महिलाओं के 50 किलो कैटेगरी के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी. वो ओलंपिक फाइनल खेलने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बन चुकी थीं. लेकिन, फाइनल से कुछ घंटे पहले उन पर ओवरवेट होने का आरोप लगा और वो डिस्क्वालिफाई कर दी गईं.
सिल्वर मेडल की रखी थी मांग
बता दें कि, विनेश ने अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला 5-0 के अंतर से जीता था और ओइम्पिक्स फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान थीं. हालांकि, केवल 100 ग्राम ज्यादा वजन होने के कारण उन्हें फाइनल मैच से अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट ऑफ एब्रिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) में अपील की थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें इस इवेंट के लिए सिल्वर मेडल दिया जाए.
हरियाणा की 29 वर्षीय पहलवान विनेश तीन बार की ओलंपियन है, जिसने तीनों खेलों में तीन अलग-अलग वजन श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा की है. जबकि उन्होंने 2016 के रियो ओलंपिक में 48 किग्रा महिला कुश्ती में भाग लिया था, उन्होंने टोक्यो में 2020 ओलंपिक में 53 किग्रा महिला कुश्ती में भाग लिया, और 2024 में पेरिस में 50 किग्रा महिला कुश्ती में भाग लिया.
उन्होंने 2014, 2018 और 2022 में तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में तीन अलग-अलग वजन श्रेणियों में तीन गोल्ड मेडल जीते हैं. विनेश 2018 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद एक ही साल में कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान भी बनीं. उन्होंने 2019 और 2022 में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक भी जीते हैं. (Vinesh Phogat Retirement)



