बिलासपुर में दरिंदगी की हद पार, परिवार पर तलवार से हमला, आंख निकालकर बुजुर्ग महिला की हत्या, 7 घायल

Murder in Bilaspur: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में अवैध संबंध के शक को लेकर हुए खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को दहला दिया। बुधवार शाम एक बुजुर्ग महिला की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
यह भी पढ़ें:- स्वास्थ्य सचिव के नाम पर ठगी: मंत्रालय बुलाकर अस्पताल संचालकों से वसूली, प्रशासन अलर्ट
आरोपी सुरेश श्रीवास को शक था कि उसकी पत्नी का शेख सलीम नाम के शख्स के साथ अवैध संबंध है। इसी संदेह के चलते दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बताया जा रहा है कि बुधवार को सुरेश श्रीवास अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा। हालांकि सलीम उस समय घर पर मौजूद नहीं था। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर वहां मौजूद बुजुर्ग महिला समेत अन्य सदस्यों पर चाकू और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने 65 साल की मुराद बेगम पर सबसे पहले हमला किया। तलवार से वार कर उनका गला काट दिया गया और उनकी आंखें भी निकाल दी।

परिवार के अन्य सदस्य जब उन्हें बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। घर में जो भी सामने आया, उस पर हमला किया गया। इस हमले में कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया है। एक युवक के चेहरे पर गहरा वार हुआ है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले ही उन्होंने रतनपुर थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने यह कहकर शिकायत टाल दी कि राज्यपाल का कार्यक्रम है और बाद में गांव आकर मामला देखेंगे।

परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो यह घटना टल सकती थी। हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंचे और सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोटा SDOP नुपुर उपाध्याय के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध के शक और पारिवारिक विवाद के चलते यह हमला किया गया। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपी शेख सलीम और एक अन्य युवक पर हमला करने आए थे, लेकिन उनके न मिलने पर घर के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया गया। (Murder in Bilaspur)
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसा और आपसी विवादों के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। (Murder in Bilaspur)




