Google Analytics —— Meta Pixel

म्यांमार में भूकंप से 800 से ज्यादा लोगों की मौत, भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भेजी मदद

Myanmar Earthquake Update: म्यांमार में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। म्यांमार की सैन्य सरकार ने कहा कि अब तक 800 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। जबकि 2000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इधर, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 30 मंजिला इमारत गिरने से 10 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि म्यांमार में 28 मार्च को सुबह 11:50 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया। यह म्यांमार और थाईलैंड में 200 साल का सबसे बड़ा भूकंप है। भारी तबाही के चलते म्यांमार के 6 राज्यों और पूरे थाईलैंड में इमरजेंसी लगा दी गई है। भूकंप के झटके म्यांमार और थाईलैंड के अलावा भारत, बांग्लादेश, चीन समेत 5 देशों में महसूस किए गए हैं। यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे यानी USGS के मुताबिक म्यांमार में मौत का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा हो सकता है।

यह भी पढ़ें:- सुकमा और दंतेवाड़ा सीमा पर मुठभेड़, जवानों ने किया 16 नक्सलियों को ढेर

वहीं भारत ने म्यांमार में आए भूकंप के बाद मदद भेजी है। 15 टन वाली राहत सामग्री की पहली खेप वहां पहुंच गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि “ऑपरेशन ब्रह्मा” के चहत टेंट, कंबल, स्लीपिंग बैग, भोजन के पैकेट, हाइजीन किट, जनरेटर और आवश्यक दवाओं समेत 15 टन राहत सामग्री की पहली खेप यांगून पहुंच गई है। AFS हिंडन से IAF सी 130 जे विमान पर लगभग 15 टन राहत सामग्री म्यांमार भेजी गई है। राहत सामग्रियों में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, खाने के लिए तैयार भोजन, वाटर प्यूरीफायर, हाइजीन किट, सोलर लैंप, जनरेटर सेट, आवश्यक दवाएं (पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक्स, कैनुला, सीरिंज, दस्ताने, कॉटन बैंडेज, मूत्र बैग) शामिल हैं। (Myanmar Earthquake Update)

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि हम स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे और आगे भी सहायता भेजी जाएगी।
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक शुक्रवार को आए भूकंप के बाद से म्यांमार में 14 और झटके आए हैं। ज्यादातर 5 से कम तीव्रता वाले थे। सबसे शक्तिशाली 6.7 तीव्रता का था, जो बड़े भूकंप के लगभग 10 मिनट बाद आया। इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका भूकंप से प्रभावित म्यांमार की मदद करेगा। ट्रम्प ने कहा कि म्यांमार में जो हुआ वह भयानक है। हमने पहले ही वहां बात कर ली है। जल्द ही मदद पहुंचेगी। वहीं चीन ने म्यांमार में राहत कार्यों के लिए 37 सस्दयों की एक टीम भेजी है। इस टीम के पास भूकंप के चेतावनी देने वाला सिस्टम, ड्रोन समेत इमरजेंसी में बचाव के लिए जरूरी उपकरणों के 112 सेट हैं। (Myanmar Earthquake Update)

म्यांमार की सैन्य सरकार ने पहली बार भूकंप राहत कार्यों के लिए दुनियाभर से मदद की अपील की है। 2021 से काबिज सैन्य सरकार के दौर में 6.2 और 6.4 की तीव्रता वाले बड़े भूकंप आ चुके हैं। इधर, बैंकॉक से भारत लौटे यात्री सफ़दर ने कहा कि मैं भूकंप के समय सड़क पर था। एक इनफिनिटी पूल से पानी गिरने लगा था। लोग डरे हुए थे कि कहीं इमारत गिर न जाए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। कुछ घंटों के लिए सार्वजनिक परिवहन बंद कर दिया गया था। अभी स्थिति ठीक है। यात्री रंजन बनर्जी ने कहा कि अभी स्थिति सामान्य है, लेकिन जब यह हुआ, तब आपातकालीन स्थिति थी। मॉल और दफ्तर खाली करवाए गए। मेट्रो रेल सिस्टम बंद कर दिया गया। इधर, अफगानिस्तान में सुबह 5.16 बजे रिक्टर स्केल पर 4.7 तीव्रता का भूकंप आया है। (Myanmar Earthquake Update)

Back to top button
error: Content is protected !!