Google Analytics —— Meta Pixel

8वीं पुण्यतिथि पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को देश ने किया नमन; राष्ट्रपति, पीएम मोदी व अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।

अद्भुत दूरदर्शिता वाले असाधारण राजनेता: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं। अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता के तौर पर, उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मजबूत बनाया। सुशासन और जन-कल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।”

राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करेगा अटल जी का व्यक्तित्व: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अटल जी के योगदान को याद करते हुए एक्स (X) पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करता हूं। अटल जी एक ऐसे देशभक्त राजनेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण देश सेवा को समर्पित कर दिया।”

अमित शाह ने आगे कहा कि एक ओर जहां अटल जी ने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के जरिए पूरी दुनिया को भारत की सामर्थ्य से परिचित कराया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्य-आधारित राजनीति ने पहली बार अंत्योदय और सुशासन की कल्पना को धरातल पर उतारा। उनका विराट व्यक्तित्व और नेतृत्व भाजपा के हर कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

‘सदैव अटल’ पर नेताओं का जमावड़ा

रविवार सुबह ‘सदैव अटल’ स्मारक पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जहां कई केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित होकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया और देश के विकास व सुशासन में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

यह भी पढ़े :- Rashifal 17 August 2026: आज सोमवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!