CM सुक्खू का बड़ा दावा, कहा – 15-15 करोड़ में बिके कांग्रेस के विधायक, हमारे पास सुबूत है

Himachal By Elections : फरवरी महीने में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर संकट उस वक्त छाने लगा था जब उसके छह विधायक बागी हो गए थे। अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह बागियों पर सीधा हमला बोला। सीएम ने समूर कलां में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “बिकाऊ और खाऊ नहीं चलेंगे। 25 विधायकों वाले जयराम ठाकुर सरकार बनाने की बात कर रहे हैं, वह अपने विधायकों को बिकने से बचाएं। वह किसी भी मंडी में बिक सकते हैं, उन्हें बचाकर रखना। कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार पूरे 5 साल चलेगी। हमारे पास पैसे का नहीं, ईमानदारी, नैतिकता और जनता के हौसले का बल है।

यह भी पढ़ें:- लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका, एक दिन में गिरे कांग्रेस के 3 विकेट, गौरव वल्लभ ने थामा BJP का दामन

अपने संबोधन ने सीएम ने कहा, “कांग्रेस के छह बागी और तीन निर्दलीय 15-15 करोड़ रुपये में बिके हैं, इसका हमारे पास सुबूत है। पुलिस जांच में इसकी परतें खुलना शुरू हो गई हैं। होटलों का बिल किसने दिया, किसके पैसे से हेलीकॉप्टरों में घूमे। यह सब अब सामने आ रहा है। यह सब जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।” सीएम ने जनता से कहा, “ये सभी दलाल राजनीति में नहीं चाहिए। आपलोग इन्हें वोट की चोट कर सबक सिखाएं, इनकी जमानत जब्त करा दें। (Himachal By Elections)

उन्होंने आगे कहा, “जनादेश का अपमान वो करते हैं जिन्हें जनसेवा नहीं धनसेवा करनी होती है। वो जनता की गाढ़ी कमाई से अपनी जेबें भरने के लिये साम दाम दंड भेद सबका इस्तेमाल कर चुनी हुई सरकार को गिराने में लग जाते हैं। लेकिन ये जनता है सब जानती है, किसकी नीयत में खोट है और किसकी नीयत साफ़ है ये पहचानती है। (Himachal By Elections)

सीएम ने कहा बागी विधायकों ने यह भी नहीं सोचा कि जिस बजट का विरोध कर वह सरकार गिराना चाहते हैं, उसमें जनहित की योजनाएं हैं. इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जसवां परागपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सुरेंद्र मनकोटिया, कुटलैहड़ से कांग्रेस उम्मीदवार रहे विवेक शर्मा, कर्नल धर्मेंद्र पटियाल, ऊना जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, देशराज गौतम, कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button