छत्तीसगढ़ वन विभाग में 2024 बैच के 5 प्रशिक्षु IFS अधिकारियों की पदस्थापना

नवा रायपुर, 3 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) के 5 प्रशिक्षु अधिकारियों को क्षेत्रीय प्रशिक्षण हेतु विभिन्न वनमण्डलों में उप वनमण्डलाधिकारी (एसडीओ वन) के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया है। इस संबंध में विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार कुनाल मिश्रा को अम्बिकापुर वनमण्डल (सरगुजा), मृगजा जालिंदर यादव को कटघोरा वनमण्डल, परख सारडा को सुकमा वनमण्डल, प्रीति यादव को उत्तर नारायणपुर वनमण्डल तथा यशस्वी मौर्या को राजनांदगांव वनमण्डल में उप वनमण्डलाधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया है।

वर्तमान में सभी अधिकारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं। विभागीय आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से संबंधित वनमण्डलों में नियुक्त किया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण अवधि तक संबंधित उप वनमण्डलों में कार्यरत राज्य वन सेवा के उप वनमण्डलाधिकारी विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्य करेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारी पुनः यथास्थिति अपने उप वनमण्डलों में पदस्थ रहेंगे।
वन विभाग के इस निर्णय को युवा IFS अधिकारियों को जमीनी स्तर पर वन प्रबंधन, वन संरक्षण एवं प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े :- पेरू में टूरिस्ट प्लेन क्रैश में 13 लोगों की मौत, ग्रीस में आग बुझाने के दौरान दो हेलिकॉप्टर हवा में टकराए



