RahuI Gandhi OBC speech: ओबीसी सम्मेलन में राहुल गांधी का आत्ममंथन, पिछड़े वर्ग की अनदेखी मेरी गलती थी
RahuI Gandhi OBC speech: नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में आत्ममंथन करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान ओबीसी वर्ग की उतनी मजबूती से रक्षा नहीं हो सकी, जितनी होनी चाहिए थी। राहुल ने इसे पार्टी की नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत गलती बताया।
इस सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के उद्देश्य से किया था। इसमें राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें :- Voter list revision India: चुनाव आयोग ने शुरू किया देशव्यापी मतदाता सूची पुनरीक्षण, बिहार से उठी सियासी गर्मी
कांग्रेस की रणनीति में ओबीसी को मिली प्राथमिकता
कांग्रेस ने ‘भागीदारी न्याय सम्मेलन’ के ज़रिए यह स्पष्ट संकेत दिया है कि ओबीसी वर्ग अब पार्टी की रणनीतिक प्राथमिकता है। राहुल गांधी के आत्मविश्लेषण और सुधार के संकल्प के साथ कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि वह अब केवल राजनीति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में ठोस पहल करने के लिए तैयार है। इस मौके पर कांग्रेस ओबीसी विभाग का नया लोगो भी लॉन्च किया गया।
ओबीसी वर्ग को लेकर गहराई से सोच नहीं पाया: राहुल
राहुल गांधी ने कहा, “मैं 2004 से राजनीति में हूं। जब पीछे देखता हूं, तो पाता हूं कि कई अच्छे काम किए—जैसे मनरेगा, ट्राइबल बिल, भोजन का अधिकार—लेकिन ओबीसी वर्ग को उतनी गहराई से नहीं समझ पाया। अगर तब समझ पाता, तो उसी समय जातिगत जनगणना करवा देता। ये मेरी गलती थी, न कि कांग्रेस की।”
जातिगत जनगणना से पीछे नहीं हटेंगे
राहुल गांधी ने ओबीसी की समस्याओं को ‘छुपी हुई पीड़ा’ बताया। उन्होंने कहा कि दलित और आदिवासी वर्ग की समस्याएं स्पष्ट दिखती हैं, लेकिन ओबीसी की तकलीफें पर्दे के पीछे होती हैं। राहुल ने वादा किया कि कांग्रेस अब जातिगत जनगणना के मुद्दे से पीछे नहीं हटेगी। (RahuI Gandhi OBC speech)
तेलंगाना का उदाहरण और ‘हलवा’ वाला तंज
राहुल ने तेलंगाना में कराई गई जातिगत गणना का हवाला देते हुए कहा कि कॉरपोरेट सेक्टर में एससी, एसटी और ओबीसी की हिस्सेदारी नगण्य है, जबकि मनरेगा जैसे असुरक्षित क्षेत्रों में यही वर्ग सबसे अधिक सक्रिय हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हलवा हम बना रहे हैं, लेकिन खा कोई और रहा है।”
पीएम मोदी पर हमला: दिखावा है दम नहीं
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे कई बार उनसे मिल चुके हैं, लेकिन वे केवल दिखावा करते हैं। “लोगों ने उन्हें सिर पर चढ़ा रखा है, लेकिन उनमें हकीकत में दम नहीं है,” राहुल ने कहा। (RahuI Gandhi OBC speech)
खरगे का आरोप: मोदी सरकार झूठ पर टिकी है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने भाषण में पीएम मोदी को झूठ की सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सत्ता में आने के बाद अपनी जाति को ओबीसी में शामिल कराया। खरगे ने कहा कि मोदी ओबीसी के बीच जाकर खुद को सताया हुआ बताते हैं, लेकिन अब खुद सभी को सता रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी-आरएसएस ओबीसी वर्ग को बांटने और उनके अधिकार छीनने की साजिश रच रहे हैं।
खरगे ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से ओबीसी केंद्रित योजनाएं शुरू करने की अपील की और संघ-भाजपा को जहर बताते हुए कहा कि इससे बचना ही बुद्धिमानी है। (RahuI Gandhi OBC speech)



