छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानिए अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

Rain Alert in India: फरवरी के आखिरी हफ्ते में देशभर में मौसम के तीन अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तर भारत में जहां पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे का असर है, वहीं कई राज्यों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्व और पश्चिम के 10 राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के बाड़मेर, झारखंड के सरायकेला और चाईबासा में फरवरी महीने में ही अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:- सुपर-8 के पहले मैच में हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल, ‘करो या मरो’ की हालात में पहुंची टीम इंडिया

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के कारण 23 फरवरी को असम, मेघालय, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। (Rain Alert in India)

सिक्किम में भारी बर्फबारी, 350 वाहन फंसे

छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले दो दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी आशंका है। रायपुर में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। नॉर्थ ईस्ट में रविवार को सिक्किम में भारी बर्फबारी हुई। इसके चलते शेरेथांग इलाके में जवाहरलाल नेहरू रोड पर सिप्सू और 16वीं माइल के बीच त्सांगू के पास करीब 350 पर्यटक वाहन फंस गए। करीब 46 पर्यटकों को सुरक्षा के मद्देनजर 17वीं माइल स्थित आर्मी ट्रांजिट कैंप में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। सेना ने एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाके में वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

बंगाल की खाड़ी में मजबूत कम दबाव का क्षेत्र

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में कम दबाव का मजबूत क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण वहां हवा तेजी से उस क्षेत्र की ओर खिंच रही है और करीब 6 किलोमीटर ऊंचाई तक बादल बनने की अनुकूल स्थिति बनी हुई है। यह सिस्टम पहले पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ेगा और फिर उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है। अगले 48 घंटों तक इसके सक्रिय रहने की संभावना है। इस कम दबाव क्षेत्र से एक ट्रफ लाइन तमिलनाडु, कर्नाटक और दक्षिण महाराष्ट्र तक फैली हुई है। यह जमीन से करीब 1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी है और समुद्र से नमी को अंदरूनी इलाकों तक पहुंचा रही है। इसे नमी की एक तरह की पाइपलाइन कहा जा सकता है। (Rain Alert in India)

छत्तीसगढ़ पर आंशिक असर

करीब 5-6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 93 डिग्री पूर्वी देशांतर और 24 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में एक और ट्रफ सक्रिय है। ऊपर से ठंडी हवा और नीचे से आ रही नमी मिलकर मौसम को अस्थिर बना रही है। हालांकि यह सिस्टम छत्तीसगढ़ के बहुत नजदीक नहीं है, इसलिए तेज बारिश या तूफान की संभावना कम है, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से आंशिक बादल छा सकते हैं और दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में बादल ज्यादा रह सकते हैं। (Rain Alert in India)

फरवरी में ठंड और गर्मी का संगम

रायपुर में आमतौर पर फरवरी में आसमान साफ रहता है, लेकिन उत्तर भारत से आने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से कभी-कभी मौसम बदल जाता है। गरज-चमक, बारिश, आंधी और ओलावृष्टि जैसी स्थितियां बन सकती हैं। सर्दी का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान बढ़ने लगता है, हालांकि कुछ स्थितियों में यह 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी दर्ज किया गया है। रायपुर में 9 फरवरी 1893 को अब तक की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई थी, जब तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। वहीं 28 फरवरी 2009 को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। (Rain Alert in India)

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

4 फरवरी 1917 को 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जो फरवरी के लिए असाधारण मानी जाती है। 1901 में फरवरी महीने में कुल 118.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। 24 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। 25 फरवरी को मैदानी और निचले इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। कोहरे का असर न्यूनतम रहेगा। कुल मिलाकर फरवरी के आखिरी दिनों में देश में सर्दी, गर्मी और बारिश यानी तीनों का मिश्रित असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!