सुपर-8 के पहले मैच में हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल, ‘करो या मरो’ की हालात में पहुंची टीम इंडिया

T20 Super 8 Matches: वर्ल्ड चैंपियन भारत को T-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। रविवार को सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार 12 जीतों का सिलसिला थाम दिया। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआती झटकों के बावजूद टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 20 रन के भीतर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।
यह भी पढ़ें:- T20 World Cup 2026: सुपर-8 के पहले मुकाबले में भारत की सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने 76 रन से दी शिकस्त
क्विंटन डी कॉक (6), ऐडन मार्करम (4) और रियान रिकेल्टन (7) जल्दी पवेलियन लौट गए। पावरप्ले के बाद स्कोर 41/3 था। इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी संभाली। डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रनों की विस्फोटक पारी खेली। डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन जोड़े। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों पर 97 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर टीम को 187 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। मिलर को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए।
भारतीय पारी 111 रन पर सिमटी
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में दिखे। लगातार चौथे मैच में टीम का एक ओपनर शून्य पर आउट हुआ। इस बार ईशान किशन खाता नहीं खोल सके। तिलक वर्मा (1) भी सस्ते में आउट हुए। अभिषेक शर्मा ने 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर चलते बने। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। वॉशिंगटन सुंदर (11) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने 4 विकेट, केशव महाराज ने 3 विकेट, कॉर्बिन बॉश ने 2 विकेट और ऐडन मार्करम ने 1 विकेट लिया।
भारत की हार के तीन बड़े कारण
15वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को आउट कर भारत की हार लगभग तय कर दी। 20 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद भी भारत अफ्रीका को रोक नहीं सका। मिलर और ब्रेविस की 97 रन की साझेदारी ने रन रेट को लगभग 10 प्रति ओवर तक पहुंचा दिया। भारतीय बल्लेबाज दबाव झेल नहीं पाए। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम बैकफुट पर चली गई। मिडिल ऑर्डर भी जिम्मेदारी नहीं निभा सका। भारत की ओर से एक भी 50 रन की साझेदारी नहीं हुई। मिडिल ओवर्स (7 से 15 ओवर) में टीम ने सिर्फ 57 रन बनाए और 5 विकेट गंवा दिए। (T20 Super 8 Matches)
सेमीफाइनल की राह मुश्किल
ग्रुप-1 में भारत को पहला ही मुकाबला 76 रन के बड़े अंतर से गंवाना पड़ा। इस हार से टीम का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। T-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में भारत का अगला मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को शाम 7 बजे चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं आखिरी मैच 1 मार्च को वेस्ट इंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। ये दोनों मैच भारत के सुपर-8 ग्रुप-1 में सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद अहम हैं। अब सबकी नजर भारत के अगले मुकाबलों पर होगी, जहां टीम को न सिर्फ जीत दर्ज करनी है, बल्कि बड़े अंतर से जीतकर नेट रन रेट भी सुधारना होगा।



