Google Analytics —— Meta Pixel

राम मंदिर चंदा विवाद: ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपत राय के इस्तीफे पर हो सकता है फैसला

Ayodhya Ram Mandir News : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आज सोमवार (6 जुलाई) को अयोध्या में होने जा रही है। राम मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं (चंदा चोरी) के आरोपों के बाद बुलाई गई इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के भविष्य और उनके इस्तीफे पर बड़ा फैसला होने की संभावना है।

सुरक्षा कारणों के चलते बैठक के स्थान में बदलाव किया गया है। अब यह बैठक राम जन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस में दोपहर 3 बजे से शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे। (Ayodhya Ram Mandir News)

SIT रिपोर्ट और प्रशासनिक बदलावों पर होगी चर्चा

इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य रूप से विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट, वित्तीय समीक्षा और प्रशासनिक फेरबदल पर गहन मंथन होगा। बैठक में ट्रस्ट के मौजूद सदस्यों के साथ-साथ वरिष्ठ सदस्य के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए ऑनलाइन जुड़ेंगे।

ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने बताया कि बैठक को लेकर सभी 15 सदस्यों को सूचित कर दिया गया है। इनमें तीन पदेन सदस्य—अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, यूपी सरकार के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे भी शामिल हैं।

चंपत राय ने दिया है इस्तीफा, मंजूरी पर सस्पेंस

दशकों तक राम जन्मभूमि आंदोलन का प्रमुख संगठनात्मक चेहरा रहे और मंदिर निर्माण की कमान संभालने वाले महासचिव चंपत राय पर इस समय सभी की नजरें टिकी हैं। वित्तीय आरोपों के बाद चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन ट्रस्ट ने अभी तक उसे मंजूर नहीं किया है। आज की बैठक में यह साफ हो जाएगा कि वे अपने पद पर बने रहेंगे या उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाएगा।

विपक्ष सबूत दे तो जांच में मदद मिले: विहिप

दूसरी ओर, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर विपक्षी नेताओं के पास आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत हैं, तो उन्हें जांच एजेंसी की मदद करनी चाहिए। इससे पहले उन्होंने प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और रामगोपाल यादव जैसे विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बैठक के एजेंडे में चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रस्ट के कामकाज में पारदर्शिता लाना भी शामिल है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों को सार्वजनिक किए जाने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण बैठक को देखते हुए अयोध्या और विशेषकर राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद कर दी गई है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। (Ayodhya Ram Mandir News)

यह भी पढ़े :- अनमोल दृष्टि एपिसोड-05: सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार”

Back to top button
error: Content is protected !!