Google Analytics —— Meta Pixel

राहत: अब एक ही दिन नहीं होंगी शिक्षक और पुलिस भर्ती परीक्षाएं, सरकार ने बदली तारीख

अंतिम तिथि का टकराव टला, सीएम विष्णुदेव साय के निर्देश पर CGPSC ने जारी किया संशोधित शेड्यूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उन हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है, जो शिक्षक भर्ती और पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती दोनों की तैयारी कर रहे हैं। अब इन दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तारीखों का टकराव टल गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने पुलिस भर्ती परीक्षा की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं। अब यह मुख्य परीक्षा नवंबर में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।

पहले 25 अक्टूबर को टकरा रही थीं तारीखें

CGPSC द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की तिथियां प्रस्तावित की गई थीं।

दूसरी ओर, 25 अक्टूबर को ही शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होनी थी। तिथियों के इस टकराव के कारण दोनों परीक्षाओं के फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने का संकट खड़ा हो गया था। अभ्यर्थियों ने सरकार से परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी।

अब 2 से 4 नवंबर तक होगी पुलिस मुख्य परीक्षा

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी का तत्काल संज्ञान लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा की तिथियों में बदलाव के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही आयोग ने नया शेड्यूल जारी कर दिया। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

युवाओं का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

तारीखों में बदलाव पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “प्रदेश के युवाओं का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा सालों तक कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में प्रशासनिक या परीक्षा शेड्यूल के टकराव की वजह से कोई भी पात्र अभ्यर्थी अपने अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है। राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े हर विषय पर पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।”

यह भी पढ़े :- झीरम केस में आज बचाव पक्ष की अंतिम जिरह, क्या 13 साल पुराने मामले में फैसले की ओर बढ़ेगा मामला ?

Back to top button
error: Content is protected !!