Google Analytics —— Meta Pixel

जापान में बर्फीले मौसम का कहर, 50 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकराई, बुजुर्ग महिला की मौत, 26 घायल

Road Accident in Japan: जापान में शुक्रवार देर रात बर्फीले मौसम और घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ है। दरअसल, गुन्मा प्रान्त के मिनाकामी कस्बे में कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर 50 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में 77 साल की एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी बहुत कम हो गई थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर पहले दो ट्रकों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सड़क का एक हिस्सा ब्लॉक हो गया।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी से फिर मारपीट, सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप

एक्सप्रेसवे के बंद होते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रही गाड़ियां बर्फीली सड़क पर समय रहते ब्रेक नहीं लगा सकी। फिसलन के कारण एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए और कुछ ही पलों में यह हादसा बड़े मल्टी-व्हीकल एक्सीडेंट में बदल गया। हादसे के बाद एक वाहन में आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए आसपास की गाड़ियों तक पहुंच गई। आग की चपेट में आकर एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागते नजर आए। (Road Accident in Japan)

आग बुझाने में लगे सात घंटे

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में करीब सात घंटे का समय लगा। पुलिस ने मलबा हटाने, जांच और सड़क की सफाई का काम शुरू कर दिया है। इस वजह से एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्से अब भी बंद हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त देश में साल के अंत और नए साल की छुट्टियों को लेकर एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक था। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग यात्रा पर निकले हुए थे। पुलिस ने लोगों से खराब मौसम के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने और बर्फीले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। (Road Accident in Japan)

 
Back to top button
error: Content is protected !!