छत्तीसगढ़ में बदल सकती है स्कूलों की टाइमिंग, फेडरेशन ने सरकार से की बड़ी मांग
शनिवार को हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी मॉर्निंग शिफ्ट लागू करने का सुझाव, पूरे प्रदेश में एक समान समय-सारिणी की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने सरकारी स्कूलों की समय-सारिणी में एकरूपता लाने की मांग करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। फेडरेशन ने शनिवार को संचालित होने वाले हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी प्रातःकालीन (मॉर्निंग) पाली लागू करने का सुझाव दिया है।
फेडरेशन का कहना है कि युक्तियुक्तकरण और संकुल व्यवस्था लागू होने के बाद प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आपस में जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद अलग-अलग समय-सारिणी होने से शिक्षकों, प्राचार्यों और संकुल प्राचार्यों को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के समन्वय में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि यदि सभी स्तर के विद्यालयों का संचालन एक समान समय पर किया जाए, तो विभागीय बैठकें, शैक्षणिक समीक्षा, ऑनलाइन कार्य, परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियां और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेंगी। साथ ही शिक्षकों पर अतिरिक्त समय का दबाव भी कम होगा।
फेडरेशन ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि शनिवार को हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी मॉर्निंग शिफ्ट लागू की जाए तथा पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों के लिए एक समान समय-सारिणी निर्धारित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। अब इस प्रस्ताव पर स्कूल शिक्षा विभाग के निर्णय का इंतजार है।
यह भी पढ़े :- महिला सिपाही के घर मचा हंगामा, पत्नी ने रंगे हाथ पकड़कर पति की कर दी पिटाई



