Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में सनसनी: एक ही परिवार के 5 लोगों ने की खुदकुशी, इलाके में हड़कंप

टिकरापारा के संजय नगर में किराए के मकान में मिले शव; आशंका- मुखिया ने पहले सबको जहर दिया, फिर खुद फंदे पर झूला

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर (मदनी चौक) में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे घर को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।

जहर देकर की हत्या, फिर खुद लगाई फांसी!

पड़ोसियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम से ही घर का दरवाजा बंद था। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने जब भीतर जाकर देखा, तो कमरे में पांचों के शव पड़े हुए थे। तुरंत इसकी सूचना टिकरापारा पुलिस को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर मौत की नींद सुलाया और उसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।

FSL की टीम जुटा रही साक्ष्य

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि एफएसएल की टीम बारीकी से घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और समय का सटीक खुलासा हो सकेगा।

मृतकों की सूची:

  • साजिद अली (50 वर्ष) – पति/पारिवारिक मुखिया
  • राबिया – पत्नी
  • इरशाद अली (19 वर्ष) – बेटा
  • शाहिदा बेगम (17 वर्ष) – बेटी
  • इरशाबा परवीन (16 वर्ष) – बेटी

8 महीने पहले ही आए थे किराये पर

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह परिवार मूल रूप से शीतला मंदिर के पास, मतपुर का रहने वाला था। करीब आठ महीने पहले ही वे संजय नगर में सैयद जहीर के मकान में किराये पर रहने आए थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतकों के रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह (आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद या अन्य कोई कारण) का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़े :- Rashifal 18 July 2026: आज शनिवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!