छत्तीसगढ़ के दो प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, संतोष वर्मा बने नेशनल वाइस प्रेसिडेंट और गजेंद्र साहू नेशनल सेक्रेटरी निर्वाचित

Representatives From Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि नेशनल फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट आईटीआई एम्प्लाइज एसोसिएशन्स के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंडीगढ़ (पंजाब) में 12 एवं 13 अप्रैल 2026 को आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन (सेमिनार) के दौरान हुए चुनाव में छत्तीसगढ़ से संतोष कुमार वर्मा को नेशनल वाईस प्रेजिडेंट तथा गजेंद्र कुमार साहू को नेशनल सेक्रेटरी के पद पर निर्वाचित किया गया।
यह भी पढ़ें:- समाज में न्याय और समानता की प्रेरणा देता रहेगा बाबा साहेब का जीवन: मुख्यमंत्री साय
इस अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सरदार दविंदर सिंह को नेशनल प्रेजिडेंट और अनिल भोसले (गोवा) को नेशनल जनरल सेक्रेटरी चुना गया। एक छोटे राज्य छत्तीसगढ़ से दो पदाधिकारियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना प्रदेश के आईटीआई कर्मचारी संगठन के लिए सम्मान और उपलब्धि का विषय माना जा रहा है। (Representatives From Chhattisgarh)

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने राज्य की समस्याओं, मांगों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें NCVT Act बनाने के लिए राष्ट्रीय कमेटी का गठन, सभी राज्यों में समान ग्रेड पे लागू करने पर सहमति, एक समान पदनाम निर्धारित करने के लिए समिति का गठन शामिल हैं।

NCVT Act से संभावित लाभ
प्रस्तावित NCVT Act लागू होने पर कई प्रमुख समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद जताई गई है।
- सभी राज्यों में ग्रेड पे और पदनाम में समानता
- 4600 ग्रेड पे विवाद का समाधान
- प्रशिक्षण समय (Training Hours) का एकरूपी निर्धारण
- 5 Day Working (शनिवार अवकाश) व्यवस्था लागू होने की संभावना
- DGT, नई दिल्ली के निर्देशों को सभी राज्यों में अनिवार्य रूप से लागू करना
- संस्थानों में प्रशिक्षण और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार
राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय को बढ़ावा
अधिवेशन के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई, जिसमें आपसी समन्वय बढ़ाने और साझा समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट प्रयास करने पर जोर दिया गया।




