राम मंदिर में CEO पद के लिए वैकेंसी: स्नातक डिग्री और ‘हिंदू होना’ अनिवार्य, ये होंगी कड़ी शर्तें
3 साल का होगा कार्यकाल, सीधे ट्रस्ट के महामंत्री को करेंगे रिपोर्ट; आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई
अयोध्या : अयोध्या के भव्य राम मंदिर के प्रबंधन को और अधिक पेशेवर व पारदर्शी बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस उच्च स्तरीय पद के लिए ट्रस्ट ने कुछ कड़े नियम और अनूठी शर्तें रखी हैं। योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार आगामी 18 जुलाई 2026, शाम 4:00 बजे तक ईमेल आईडी searchcommittee.srjbt@gmail.com पर अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन भेज सकते हैं।
उम्र 50 से 70 साल और 20 वर्ष का अनुभव अनिवार्य
ट्रस्ट द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस पद के लिए केवल वही उम्मीदवार पात्र होंगे जिनकी आयु 50 से 70 वर्ष के बीच है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, किसी बड़ी कंपनी या संस्थान के प्रबंधकीय (Managerial) दायित्वों को संभालने का कम से कम 20 वर्षों का लंबा अनुभव होना चाहिए।
चयन के लिए ये शर्तें भी होंगी अहम:
धार्मिक व भाषाई योग्यता: उम्मीदवार का धर्म से हिंदू होना अनिवार्य है। साथ ही उसे हिंदी और अंग्रेजी भाषा का उत्कृष्ट ज्ञान होना चाहिए।
इन्हें मिलेगी प्राथमिकता: ऐसे रिटायर्ड अधिकारी जिन्होंने पहले मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO) के रूप में कार्य किया हो या किसी बड़े मंदिर/हिंदू धार्मिक संस्थान के प्रबंधन को संभाला हो, उन्हें चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यकाल और वेतन: चयनित अधिकारी का कार्यकाल 3 वर्षों का होगा। वेतन (सैलरी) और अन्य सुविधाओं का निर्धारण उम्मीदवार की योग्यता के आधार पर आपसी बातचीत (Negotiation) से तय किया जाएगा।
सीधे महामंत्री को करेंगे रिपोर्ट, ये होंगी जिम्मेदारियां
नवनियुक्त CEO सीधे राम मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री को रिपोर्ट करेंगे। उनके कंधों पर मंदिर संगठन के सभी कानूनी, प्रशासनिक और आर्थिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी होगी। ट्रस्ट की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर नियम और सिस्टम तैयार करना, पैसों के लेन-देन में पारदर्शिता लाना और अकाउंट सिस्टम को पूरी ईमानदारी व जवाबदेही के साथ संभालना CEO का मुख्य कार्य होगा।



