उफनती नदी का पानी अंग्रेजी शराब दुकान में घुसा, लाखों का स्टॉक बहकर हुआ नष्ट
जशपुर । बगीचा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित डोड़की नदी के किनारे बनी अंग्रेजी शराब दुकान सोमवार को बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ का पानी सीधे दुकान के भीतर प्रवेश कर गया, जिससे अंदर रखा लाखों रुपये का शराब का स्टॉक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलमग्न होकर नष्ट हो गए।
फ्रीजर पलटे, सैकड़ों बोतलें टूटीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलभराव इतनी तेजी से हुआ कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पानी के तेज बहाव और दबाव के कारण रैक में रखी सैकड़ों बीयर व शराब की बोतलें टूट गईं। दुकान में रखे फ्रीजर और अन्य कीमती सामान भी पानी में डूबकर खराब हो गए। दुकान से लगा अहाता सेंटर भी पूरी तरह से कीचड़ और मलबे से भर गया है।
आबकारी विभाग ने शुरू किया आकलन
घटना की जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि टूटी हुई बोतलों और खराब हुए सामान का पंचनामा तैयार कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में आबकारी विभाग को लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है।
हर साल रहता है बाढ़ का खतरा
उल्लेखनीय है कि डोड़की नदी के तटीय इलाके में स्थित होने के कारण बारिश के दिनों में यहां हर वर्ष जलभराव की समस्या बनती है, लेकिन इस बार बाढ़ का स्तर असामान्य रूप से अधिक था। वर्तमान में पानी उतरने के बाद दुकान और परिसर में जमा कीचड़ को हटाने का कार्य किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- NEET पेपर लीक: “दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, छात्रों का भविष्य अधर में नहीं छोड़ेंगे” – PM मोदी



