Google Analytics —— Meta Pixel

Sawan Somwar 2026: जब भगवान शिव ने बचाई भक्त की जान, जानिए सावन सोमवार की पौराणिक कथा

Sawan Somwar 2026: सावन का आखिरी सोमवार आज 24 अगस्त 2026 को मनाया जा रहा है। सावन के चारों सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माने जाते हैं। इस दिन श्रद्धालु व्रत रखते हैं, शिवलिंग का अभिषेक करते हैं और सोमवार व्रत की कथा सुनते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन से की गई शिव भक्ति भक्त को बड़े से बड़े संकट से बचाने वाली होती है।

यह भी पढ़े :- Rashifal 24 August 2026: आज सोमवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

सावन सोमवार (Sawan Somwar 2026) से जुड़ी ऐसी ही एक पौराणिक कथा ऋषि मार्कंडेय की है। मान्यता है कि भगवान शिव ने अपने परम भक्त मार्कंडेय को अकाल मृत्यु से बचाकर उन्हें दीर्घायु का वरदान दिया था। आइए जानते हैं भगवान शिव और भक्त मार्कंडेय की यह प्रसिद्ध कथा।

ऋषि मृकंडु को मिला था अनोखा वरदान

पौराणिक कथा के अनुसार, महर्षि मृकंडु और उनकी पत्नी संतान प्राप्ति के लिए भगवान शिव की कठोर तपस्या करते थे। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा।

महादेव ने उनके सामने दो विकल्प रखे—एक ऐसा पुत्र जो गुणहीन हो लेकिन दीर्घायु हो, या फिर सर्वगुण संपन्न और तेजस्वी पुत्र, जिसकी आयु केवल 16 वर्ष हो। महर्षि मृकंडु ने सर्वगुण संपन्न पुत्र का वरदान चुना। इसके बाद उनके घर बालक मार्कंडेय का जन्म हुआ।

बचपन से ही भगवान शिव के भक्त थे मार्कंडेय

मार्कंडेय बचपन से ही भगवान शिव के परम भक्त थे। वे नियमित रूप से शिवलिंग की पूजा करते और भगवान शिव का ध्यान करते थे। समय बीतता गया और मार्कंडेय की 16 वर्ष की आयु पूरी होने का समय आ गया।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, जब मार्कंडेय की मृत्यु का समय आया तो यमराज के दूत उनके प्राण लेने पहुंचे। उस समय मार्कंडेय शिवलिंग से लिपटकर भगवान शिव की आराधना और महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर रहे थे। शिव भक्ति के प्रभाव से यमदूत उनके पास नहीं जा सके और वापस लौट गए।

यमराज के सामने भी नहीं डरे मार्कंडेय

इसके बाद स्वयं यमराज मार्कंडेय के प्राण लेने पहुंचे। यमराज ने जैसे ही अपना पाश मार्कंडेय की ओर फेंका, वह शिवलिंग के चारों ओर भी पड़ गया। अपने भक्त पर आए संकट से भगवान शिव क्रोधित हो उठे।

शिवलिंग से प्रकट हुए महादेव

मान्यता के अनुसार, भगवान शिव शिवलिंग से प्रकट हुए और उन्होंने यमराज को रोक दिया। महादेव ने अपने भक्त मार्कंडेय की रक्षा की और उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें दीर्घायु का वरदान दिया।

कहा जाता है कि इसके बाद मार्कंडेय आगे चलकर महान ऋषि के रूप में प्रसिद्ध हुए। यह कथा भगवान शिव की अपने भक्तों के प्रति करुणा और भक्त की अटूट आस्था का प्रतीक मानी जाती है।

सावन सोमवार की कथा देती है भक्ति का संदेश

सावन सोमवार (Sawan Somwar 2026) की यह कथा भक्त और भगवान के बीच अटूट विश्वास और समर्पण का संदेश देती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव अपने सच्चे भक्तों की पुकार सुनते हैं। यही कारण है कि सावन सोमवार के दिन शिव पूजा और अभिषेक के साथ व्रत कथा सुनने-पढ़ने की परंपरा भी प्रचलित है।

नोट: यह कथा पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। इसके प्रसंगों को आस्था और परंपरा के संदर्भ में देखा जाता है। कथा से जुड़ी जानकारी अपने निकटतम विषय विशेषज्ञ से प्राप्त कर सकते है।

Back to top button
error: Content is protected !!