Google Analytics —— Meta Pixel

मायके गई पत्नी, गुस्से में आपा खोया: युवक ने पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की, पुलिस पर चलाई गुलेल

मिर्ची के धुएं से 7 घंटे बाद काबू में आया आरोपी; दहशत में नहीं खुले स्कूल-आंगनबाड़ी

गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में घरेलू विवाद के बाद हिंसक वारदात सामने आई है। पत्नी के मायके चले जाने से नाराज 32 वर्षीय हीरालाल नागेश ने कथित तौर पर पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में 38 वर्षीय खोलबहरा सोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय नरेंद्र सोरी गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद घर में छिपा आरोपी

घटना के बाद आरोपी खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर उसने बाहर आने से इनकार कर दिया और जवानों पर गुलेल से हमला करने लगा। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

स्थिति को देखते हुए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी के नेतृत्व में दो थानों के 50 से अधिक जवानों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकला।

सात घंटे चला पुलिस का ऑपरेशन

आरोपी के बाहर नहीं आने पर पुलिस ने छत के रास्ते से घर के अंदर मिर्ची का धुआं छोड़ा। धुआं फैलने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और करीब 200 मीटर तक पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ता रहा। जवानों ने पीछा कर काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया।

करीब सात घंटे चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गांव में दहशत, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहे बंद

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल रहा। सड़क पर शव मिलने और आरोपी के घर में छिपे होने के कारण ग्रामीण अपने घरों में दुबके रहे। भय के चलते गांव की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खुल सके।

शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वारदात के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ राज्य खेल पुरस्कार 2026 की अनंतिम चयन सूची जारी, 23 अगस्त तक दावा-आपत्ति का मौका

Back to top button
error: Content is protected !!