CG Cabinet Meeting: साय कैबिनेट के 4 बड़े फैसले, अबूझमाड़ के कॉलेज को 40.98 करोड़; गांवों को मिलेगा जल अनुदान

CG Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े 4 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पहला फैसला – हर घर को शुद्ध पेयजल…ग्रामीण क्षेत्रों में हर परिवार को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल देने के लिए छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई। पुराने 2024 के नियमों को निरस्त कर जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुसार नए नियम लागू होंगे।
1000 से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों को नलजल योजना चलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ मिलेगा। इसके लिए पंचायत को हर महीने कम से कम 50 प्रतिशत जल प्रभार वसूलना होगा। जो पंचायत सालाना जल प्रभार का 75 प्रतिशत से ज्यादा वसूलेगी, उसे हर साल 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ दी जाएगी। इससे छोटी पंचायतों पर आर्थिक बोझ कम होगा और गांवों में पानी की व्यवस्था मजबूत होगी। (CG Cabinet Meeting)
दूसरा फैसला – अबूझमाड़ के बच्चों को उच्च शिक्षा नारायणपुर में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) अबूझमाड़िया विद्यार्थियों के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन साल के लिए आवर्ती और अनावर्ती अनुदान देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 2006 के अधिनियम के मापदंडों में शिथिलीकरण को मंजूरी दी गई। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू इस महाविद्यालय के संचालन और अधोसंरचना विकास के लिए तीन साल में लगभग 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इससे अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी।
तीसरा फैसला – राजनांदगांव में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भूमि आबंटित करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ।नए भवन से विधि से संघर्षरत बालकों को सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा और पुनर्वास की सुविधा मिलेगी।
चौथा फैसला – माध्यमिक शिक्षा मंडल का संभागीय कार्यालय…छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आबंटन को मंजूरी दी गई। राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि मंडल को आबंटित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और संस्थाओं को मंडल की सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेंगी। (CG Cabinet Meeting)



