कल का मौसम: 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 65 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
5 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत 20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। IMD ने 65 किमी प्रति घंटे तक हवा चलने की चेतावनी दी है।

नई दिल्ली। देश में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन कई राज्यों में मौसम का मिजाज अभी भी बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कल 5 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा समेत करीब 20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम का असर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में दिखाई दे सकता है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
20 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 5 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, नागालैंड और मणिपुर में बारिश की संभावना है।
इनमें कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर भी मौसम विभाग ने सतर्क किया है।
दिल्ली में 5 अक्टूबर को बारिश-आंधी की संभावना
राजधानी दिल्ली में 5 से 6 अक्टूबर के बीच मौसम खराब रहने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 5 अक्टूबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोंडा, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, संतकबीर नगर, बलिया, सीतापुर, मैनपुरी, पीलीभीत, मिर्जापुर, सोनभद्र, गोरखपुर और कन्नौज में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
लखनऊ में 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बिहार में भी बिगड़ेगा मौसम
बिहार के गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, मुंगेर, बांका, जमुई, भागलपुर, कैमूर, नवादा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, लखीसराय और किशनगंज में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
पटना में 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड में 40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
झारखंड के रांची, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, हजारीबाग, दुमका, लातेहार, गुमला, पलामू और लोहरदगा में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तराखंड में 5 और 6 अक्टूबर को मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऋषिकेश, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देहरादून में 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवा की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, बिलासपुर, सिरमौर, मंडी, चंबा और किन्नौर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मनाली में 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलेगा
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, बडगाम, किश्तवाड़, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, राजौरी और उधमपुर में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
श्रीनगर में 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में मौसमी सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी तटीय तमिलनाडु के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी जारी है। मौसम की मौजूदा गतिविधियों को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रहने की संभावना है।



