यमुना नदी में नाव पलटने से 9 श्रद्धालुओं की मौत, कई लापता
वृंदावन के श्रृंगार घाट पर हादसा, एनडीआरएफ और गोताखोरों का रेस्क्यू जारी
Vrindavan Boat Tragedy: वृंदावन में यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा (Vrindavan Boat Tragedy) हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 9 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के समय नाव में करीब 25 लोग सवार थे।
यह भी पढ़े :- आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संगम से सशक्त होगा छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य मॉडल: मुख्यमंत्री साय
यह दुर्घटना (Vrindavan Boat Tragedy) श्रृंगार घाट के पास हुई, जहां अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। नाव पलटते ही नदी में गिरे लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला मजिस्ट्रेट सीपी सिंह ने 9 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता लोगों की तलाश जारी है। वहीं एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, हादसा केशी घाट क्षेत्र के पास हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नदी पर बने पोंटून पुल की मरम्मत का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई।
प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा है और परिजन अपने प्रियजनों की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। (Vrindavan Boat Tragedy)



